मुंबई, 20 जुलाई 2026 (भाषा)
मुंबई के मानखुर्द इलाके में सोमवार सुबह सायन-पनवेल राजमार्ग पर ‘बेस्ट’ बस के डिवाइडर से टकरा जाने से 62 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई और 10 अन्य लोग घायल हो गए।
ब्रेक फेल होने से रेलिंग से टकराई बेस्ट बस
यह बस पट्टे पर ली गई थी और यह बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) उपक्रम के बेड़े का हिस्सा थी। ‘बेस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, दुर्घटना सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे मानखुर्द पुल के पास विश्वकर्मा अस्पताल के सामने हुई। बस कुर्ला बस स्टेशन (पूर्व)-ऐरोली मार्ग पर चल रही थी। चालक के अनुसार, बस के ब्रेक फेल हो गए, जिसके कारण वह पुल की रेलिंग से टकरा गई।
हादसे में पैदल यात्री की मौत
अधिकारियों ने बताया कि पास में खड़े एक पैदल यात्री भास्कर रावसाहेब कागड़े को चोटें आईं। उन्हें राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि बस चालक बनवारी श्रीराम प्रसाद शर्मा (51), परिचालक वैभव वाघमारे (41) और आठ अन्य यात्री घायल हो गए।
घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी
चालक और परिचालक को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि आठ यात्रियों को शताब्दी अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि ‘बेस्ट’ के बेड़े में शामिल यह बस मातेश्वरी की थी और बस के दोनों कर्मचारी कंपनी के ही कर्मचारी थे। यह महानगर में ‘बेस्ट‘ बस से जुड़ी तीसरी बड़ी दुर्घटना है।
अंधेरी और भांडुप में भी हुए थे हादसे
अधिकारियों ने पहले बताया था कि 10 जुलाई को मुंबई के अंधेरी इलाके में एक ‘बेस्ट’ बस ने 14 वाहनों को टक्कर मार दी थी, जिसमें आठ लोग घायल हो गए थे। शहर के भांडुप इलाके में आठ जुलाई को एक इलेक्ट्रिक ‘बेस्ट’ बस की टक्कर से एक व्यक्ति घायल हो गया था और कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

