भोपाल, 03 अक्टूबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ब्लड बैंक से कई यूनिट रक्त और प्लाज्मा चोरी हो गया है।
एम्स प्रबंधन ने दर्ज कराई शिकायत
एम्स ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र प्रसाद द्वारा बाग सेवानिया पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने बुधवार को ठेके के एक कर्मचारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
सहायक पुलिस आयुक्त (मिसरोद क्षेत्र) रजनीश कश्यप कौल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शिकायत के अनुसार ब्लड बैंक से रक्त और प्लाज्मा इकाइयां लंबे समय से गायब हो रही थीं। उन्होंने बताया कि कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्लाज्मा चुराने वाले सीसीटीवी में दिखे
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले आरोपी कथित तौर पर प्लाज्मा (रक्त का तरल हिस्सा) की कुछ इकाइयां चुरा रहा था और उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति को सौंप रहा था। उन्होंने कहा कि यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कश्यप ने बताया कि एम्स के अधिकारियों को इस मामले में कुछ अंदरूनी लोगों की भूमिका पर संदेह था, इसलिए उन्होंने ब्लड बैंक के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगा दिए थे।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

