नयी दिल्ली, 02 फरवरी 2026 (भाषा)
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को संसद में पेश केंद्रीय बजट 2026-27 में सीमा शुल्क में कटौती की घोषणा की। इससे 17 कैंसर की दवाओं के साथ-साथ सात दुर्लभ बीमारियों के लिए विशेष चिकित्सकीय आवश्यकताओं वाली दवाओं एवं खाद्य पदार्थों के साथ-साथ ‘माइक्रोवेव ओवन’ में उपयोग होने वाले कलपुर्जों की कीमत भी कम हो जाएगी।
ये वस्तुएं होगी महंगी
आयातित सस्ते छाते, एटीएम/कैश डिस्पेंसर, कॉफी भूनने, बनाने या ‘वेंडिंग’ मशीन जैसी कुछ वस्तुएं हालांकि मूल सीमा शुल्क (बीसीडी) में वृद्धि के कारण महंगी होने वाली हैं। सीतारमण ने हालांकि सस्ते छातों के आयात पर बीसीडी के दायरे को बढ़ाते हुए न्यूनतम शुल्क 60 रुपये निर्धारित करने की घोषणा भी की। अब इस पर ‘‘ 20 प्रतिशत या 60 रुपये प्रति ‘पीस’, जो भी अधिक हो’’ के हिसाब से बीसीडी लागू होगा।
सोडियम एंटीमोनेट के आयात पर भी छूट
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने माइक्रोवेव ओवन के निर्माण में प्रयुक्त विशिष्ट कलपुर्जों पर बुनियादी सीमा शुल्क से छूट देने का भी प्रस्ताव रखा। मंत्री ने ‘सोलर ग्लास’ के विनिर्माण में उपयोग होने वाले ‘सोडियम एंटीमोनेट’ के आयात पर मूल सीमा शुल्क से छूट देने का भी प्रस्ताव रखा।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं के लिए आवश्यक वस्तुओं के आयात पर मौजूदा मूल सीमा शुल्क छूट को 2035 तक बढ़ाने और इसे सभी परमाणु संयंत्रों पर, उनकी क्षमता की परवाह किए बिना लागू करने की घोषणा की। इसके अलावा, उन्होंने देश में ‘‘महत्वपूर्ण खनिजों के प्रसंस्करण के लिए आवश्यक पूंजीगत वस्तुओं के आयात पर मूल सीमा शुल्क छूट प्रदान करने का भी प्रस्ताव रखा।’’
विमान निर्माण कलपुर्जों पर बीसीडी से छूट
नागरिक और रक्षा दोनों प्रकार के विमानन उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए, सरकार ने नागरिक, प्रशिक्षण एवं अन्य विमानों के निर्माण के लिए आवश्यक कलपुर्जों पर बीसीडी से छूट दी। मंत्री ने रक्षा क्षेत्र की इकाइयों द्वारा रखरखाव, मरम्मत के लिए उपयोग किए जाने वाले विमान के कलपुर्जों के विनिर्माण के लिए आयातित कच्चे माल पर बीसीडी से छूट देने की भी घोषणा की।
बीसीडी दरें दो फरवरी 2026 से समाप्त
इसके अलावा, बजट में पिछले साल अक्टूबर में जारी एक अधिसूचना की समाप्ति की भी घोषणा की गई जिसमें एटीएम/कैश डिस्पेंसर और उसके कलपुर्जों और घटकों पर बीसीडी से छूट दी गई थी। विदेशी फिल्म दल या टेलीविजन दल द्वारा यहां शूटिंग के लिए आयात किए जाने वाले टेलीविजन उपकरण, कैमरे और अन्य उपकरणों पर मिलने वाली छूट भी एक अप्रैल 2026 से समाप्त हो जाएगी। इसके अलावा, कॉफी भूनने, बनाने या ‘वेंडिंग’ मशीन पर मिलने वाली रियायती बीसीडी दरें भी दो फरवरी 2026 से समाप्त हो जाएंगी।
पक्षियों को दूसरे देश से लाना अब महंगा
दिलचस्प बात यह है कि चिड़ियाघर के जानवरों और पक्षियों को दूसरे देश से लाना अब महंगा हो गया है। इस पर पहले कोई बीसीडी नहीं लगता था लेकिन अब यह 30 प्रतिशत के कर दायरे में आ जाएगा।
व्यापार से जुड़ी और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

