धर्मेंद्र की हालत स्थिर और सेहत में हो रहा सुधार, झूठी खबरें फैलाना बंद करें : परिवार

धर्मेंद्र की हालत स्थिर और सेहत में हो रहा सुधार, झूठी खबरें फैलाना बंद करें : परिवार
Share this news

मुंबई, 11 नवंबर 2025 (भाषा)

जाने-माने अभिनेता धर्मेंद्र के परिवार ने मीडिया से उनके स्वास्थ्य के बारे में झूठी खबरें प्रसारित नहीं करने का आग्रह करते हुए मंगलवार को कहा कि उनकी ‘‘हालत स्थिर है और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो’’ रहा है। धर्मेंद्र (89) मुंबई के एक अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में हैं।

बेटी एशा देओल ने किया झूठी ख़बरों को ख़ारिज

इससे पहले सुबह धर्मेंद्र की मौत को लेकर खबरें प्रसारित होने के बाद उनकी बेटी एशा देओल ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट करके उन्हें खारिज कर दिया। एशा ने ‘इंस्टाग्राम’ पर लिखा, ‘‘लगता है कि मीडिया जरूरत से ज्यादा सक्रियता दिखा रहा है और झूठी खबरें फैला रहा है। मेरे पिता की हालत स्थिर है और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि हमारे परिवार की निजता का सम्मान करें। पापा के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद।’’

झूठी ख़बरों पर भड़की हेमा मालिनी

अभिनेत्री एवं सांसद हेमा मालिनी ने भी अपने पति धर्मेंद्र के स्वास्थ्य के बारे में ‘‘गैर-जिम्मेदाराना’’ मीडिया कवरेज की आलोचना की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘जो कुछ हो रहा है, वह अक्षम्य है! जिम्मेदार चैनल ऐसे व्यक्ति के बारे में झूठी खबर कैसे फैला सकते हैं जिसे इलाज से लाभ हो रहा है और जिसके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है? यह बेहद अपमानजनक और गैरजिम्मेदाराना है। कृपया परिवार और उसकी निजता की जरूरत का पूरा सम्मान करें।’’

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements