जंतर-मंतर पर ‘स्पाइडर-मैन’ और ‘हल्क’ की वेशभूषा में पहुंचे छात्र

जंतर-मंतर पर ‘स्पाइडर-मैन’ और ‘हल्क’ की वेशभूषा में पहुंचे छात्र
Share this news

नयी दिल्ली, 24 जुलाई 2026 (भाषा)

कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में युवा प्रदर्शनकारी जुटे और इस दौरान नारेबाजी और भाषणों के बीच ‘स्पाइडर-मैन’ और ‘हल्क’ जैसे लोकप्रिय काल्पनिक पात्रों की वेशभूषा पहने कुछ छात्र आकर्षण का केंद्र भी बने।

“बड़ी शक्ति के साथ बड़ी जिम्मेदारी”

आगरा से आए एक छात्र ने ‘मार्वल कॉमिक्स’ के सुपरहीरो ‘स्पाइडर-मैन’ की वेशभूषा पहनकर प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उसने इस काल्पनिक पात्र के संघर्ष और छात्रों की मौजूदा परिस्थितियों के बीच समानता बताते हुए अपनी भागीदारी का कारण समझाया। उसने कहा, ‘‘मैं ‘स्पाइडर-मैन’ का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। उसका संदेश है कि बड़ी शक्ति के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी आती है। जैसे पीटर पार्कर ने सही काम करने की कोशिश में अनेक चुनौतियों का सामना किया, वैसे ही यहां कई छात्र अपनी-अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं। इसी कारण मैं उनके साथ खड़ा हूं।’’

झाड़ू-कूड़ेदान के साथ ‘हल्क’ ने दिया सेवा का संदेश

प्रदर्शन के दौरान वह ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाता रहा और अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाता रहा। एक अन्य छात्र ने ‘हल्क’ का हरा मुखौटा पहन रखा था। उसने अपनी पहचान उजागर नहीं की। वह झाड़ू और कूड़े के थैले लेकर प्रदर्शन स्थल की सफाई करता नजर आया। उसने कहा, ‘‘यह मेरे समर्थन का तरीका है। प्रदर्शन स्थल को स्वच्छ रखना भी सेवा का एक रूप है।’’

‘स्टार्क स्टूडेंट्स’ के रूप में न्याय की मांग

लोकप्रिय धारावाहिक ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ से प्रेरित एक अन्य छात्र विनीत ‘स्टार्क स्टूडेंट्स स्टैंड यूनाइटेड’ लिखी तख्ती लेकर प्रदर्शन में शामिल हुआ। उसने कहा, ‘‘स्टार्क परिवार हमेशा उस बात के लिए खड़ा रहा जिसे वह सही मानता था। सम्मान और न्याय के प्रति उसकी प्रतिबद्धता ने हमें प्रेरित किया है। यहां हम सभी यही करने की कोशिश कर रहे हैं।’’

ए-4 कागज़ और मार्कर के साथ मोर्चे पर छात्र

हर दिन बड़ी संख्या में युवाओं के जुड़ने के कारण प्रदर्शन जंतर-मंतर से आगे टॉलस्टॉय रोड तक फैल गया है। प्रदर्शन स्थल पर अब अस्थायी चिकित्सा शिविर, भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई है। स्वयंसेवक छात्रों को तख्तियां तैयार करने के लिए ए-4 आकार के कागज, नोटपैड और मार्कर उपलब्ध करा रहे हैं तथा उनके लिए नारे लिखने में भी मदद कर रहे हैं।

पॉप संस्कृति के प्रतीकों को आंदोलन से जोड़ते हुए युवा प्रदर्शनकारी इस विरोध-प्रदर्शन को एक अलग पहचान देने का प्रयास कर रहे हैं।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements