
बेंगलुरु (भाषा) कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के अध्यक्ष रघु राम भट और कुछ अन्य पदाधिकारियों ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ मामले में उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को रद्द कराने के लिए शुक्रवार को कर्नाटक उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
पुलिस ने आरसीबी, आयोजन करने वाली कंपनी ‘डीएनए एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड’ और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के खिलाफ बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की थी।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने भी बृहस्पतिवार को भगदड़ के सिलसिले में आरसीबी, डीएनए एंटरटेनमेंट और केएससीए के प्रतिनिधियों को तुरंत गिरफ्तार करने का निर्देश अधिकारियों को दिया था।
भगदड़ की घटना बुधवार शाम को स्टेडियम के सामने उस वक्त हुई जब बड़ी संख्या में लोग आरसीबी टीम की आईपीएल जीत के जश्न में शामिल होने के लिए उमड़े थे। इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई और 56 लोग घायल हो गए।
इस बीच पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि आरसीबी और डीएनए एंटरटेनमेंट के चार अधिकारियों को हिरासत में लिया गया है।