मेरी शादी ‘लव-जिहाद’ का मामला नहीं है, हमने धर्म नहीं बदला : मोनालिसा

मेरी शादी ‘लव-जिहाद’ का मामला नहीं है, हमने धर्म नहीं बदला : मोनालिसा
Share this news

तिरुवनंतपुरम, 13 मार्च 2026 (भाषा)

पिछले साल प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान चर्चा में आई मोनालिसा भोसले ने बृहस्पतिवार को कहा कि यहां एक मुस्लिम व्यक्ति के साथ उसकी शादी उसकी पसंद से तथा हिंदू रीति-रिवाजों से हुई है। उन्होंने इस आरोप का खंडन किया कि यह ‘लव-जिहाद’ का मामला है।

‘यह लव जिहाद नहीं है’

मध्यप्रदेश की रहने वाली मोनालिसा भोसले ने कहा कि न तो उन्होंने और न ही उनके पति ने अपना धर्म बदला है।उन्होंने कहा, ‘‘ वह (मेरे पति) मुझसे शादी नहीं करना चाहते थे, लेकिन मैंने उन्हें बाध्य किया। हमने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की।’’ दंपति ने यह भी कहा कि यह ‘लव-जिहाद का मामला नहीं है’ जैसा कि मीडिया के एक वर्ग ने कथित तौर पर पेश किया है, क्योंकि कलाकार होने के नाते उनके लिए सभी धर्म समान हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और हमने धर्म परिवर्तन नहीं किया है।’’

फरमान खान ने क्या कहा?

मोनालिसा भोसले के पति उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पति ने भी कहा कि प्रेम में होने पर किसी दूसरे धर्म में परिवर्तित होने की कोई आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने अपने फोन पर मोनालिसा भोसले के आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र की प्रति भी दिखाई, जिससे यह साबित हो सके कि उनका जन्मदिन एक जनवरी, 2008 को था और अब वह बालिग हो चुकी हैं। उन्होंने उनके विवाह प्रमाण पत्र की प्रतियां भी दिखाईं। उन्होंने कहा कि उन्होंने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की क्योंकि वह भोसले से प्यार करते हैं और उन्हें खुश रखना चाहते थे।

चार बच्चों में सबसे बड़ी मोनालिसा भोसले ने बताया कि उनके माता-पिता चाहते थे कि उनकी शादी उनकी बुआ के बेटे से हो, लेकिन उन्होंने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा, “वह मेरे लिए भाई समान है। मैं उससे शादी कैसे कर सकती हूं?” उन्होंने कहा कि उनके पिता केरल में हैं, लेकिन उनसे नाराज होने के कारण वह उनकी शादी में शामिल नहीं हुए।

उम्र को लेकर मोनालिसा बोलीं- ’18 साल की हूं’

दंपति ने शादी कराने में मदद के लिए केरल सरकार और पुलिस का आभार व्यक्त किया एवं कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें सभी से इतना समर्थन मिलेगा। इससे पहले भोसले और उनके पति ने पत्रकारों से कहा कि वह 18 साल से अधिक उम्र की हैं। मोनालिसा भोसले के पति ने कहा, ‘‘वह 18 वर्ष से अधिक की हैं। वरना हमारी शादी का पंजीकरण कैसे संभव होता। उनके नाबालिग होने संबंधित सभी खबरें फर्जी और गलत हैं। कृपया उन पर विश्वास न करें।’’

दंपति से यह पूछने पर कि क्या वे केरल में ही रहने का इरादा रखते हैं तो पति ने कहा कि यह उनकी पत्नी की इच्छा पर निर्भर करता है। मोनालिसा ने कहा कि उन्हें केरल पसंद है और वह यहीं रहना चाहती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी एक फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है जबकि दूसरी फिल्म पर काम चल रहा है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements