ग्वालियर (मध्यप्रदेश), 29 जनवरी 2026 (भाषा)
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की बुधवार को जिस विमान दुर्घटना में बारामती में मृत्यु हुई, उसकी सह-पायलट शांभवी पाठक ने उड़ान भरने से पहले ग्वालियर में रह रहीं अपनी दादी को आखिरी संदेश ‘गुड मॉर्निंग’ भेजा था।
हादसे में अजित पवार और शांभवी समेत पांच लोगों की मौत
इस विमान हादसे में अजित पवार और शांभवी (25) समेत पांच लोगों की मौत हो गई। अन्य मृतकों की पहचान कैप्टन सुमित कपूर, विमान की परिचारिका पिंकी माली और पवार के सहयोगी विदीप जाधव के रूप में हुई है।
पिता विक्रम पाठक वायुसेना में थे पायलट
ग्वालियर के बसंत विहार में रहने वाली शांभवी की दादी मीरा पाठक ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा कि उनकी पोती ने यहां के एयरफोर्स स्टेशन में अपने पिता की तैनाती के दौरान एयरफोर्स विद्या भारती स्कूल से पांचवी कक्षा पास की थी और बाद में पिता के स्थानांतरण के बाद परिवार दिल्ली के लोधी कॉलोनी में रहने लगा। उन्होंने बताया कि शांभवी के पिता विक्रम पाठक वायुसेना में पायलट थे और अब वह सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
ग्वालियर से न्यूजीलैंड तक का उड़ान सफर
मीरा पाठक ने कहा कि शांभवी ने कमर्शियल पायलट का प्रशिक्षण न्यूजीलैंड से लिया था और उसने ब्रिटेन व रूस समेत कई देशों के लिए उड़ानों का संचालन किया था। उन्होंने कहा कि करीब 11 बजे उनके छोटे बेटे ने फोन करके यह जानकारी दी थी कि जिस विमान दुर्घटना में अजित पवार की मौत हुई है, उसमें शांभवी भी थी। उन्होंने कहा कि बाद में शांभवी के पिता और उनके बड़े बेटे ने फोन कर बताया कि वह शव लेने के लिए पुणे जा रहे हैं।
सुबह की थी दादी को मैसेज
बुधवार की सुबह मुंबई में विमान में सवार होने से पहले शांभवी ने अपनी दादी को ग्वालियर में ‘गुड मॉर्निंग’ का संदेश भेजा था। मीरा पाठक ने बताया कि सुबह उसका संदेश देखकर वह हैरत में जरूर आईं, क्योंकि वह नियमित तैर पर संदेश नहीं भेजती थी।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

