इंदौर (मध्यप्रदेश), 02 दिसंबर 2025 (भाषा)
इंदौर में चिकित्सकों ने जटिल सर्जरी के जरिये 50 वर्षीय महिला के शरीर से कुल 15 किलोग्राम वजन वाली दो गांठें निकालकर उसे नया जीवन दिया है।
दोनों गांठों का कुल वजन 15 किलोग्राम
शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय के सर्जन डॉ. उपेंद्र कुमार पांडेय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पड़ोस के खरगोन जिले की यह महिला पिछले दो साल से पेट में सूजन, खून की कमी और बच्चेदानी की परेशानियों से जूझ रही थी।उन्होंने बताया, ‘‘सर्जरी के दौरान हम महिला के शरीर में दो भारी-भरकम गांठें देखकर हैरान रह गए। दोनों गांठों का कुल वजन 15 किलोग्राम निकला। इनमें से एक गांठ महिला की बच्चेदानी में थी, जबकि दूसरी गांठ उसके अंडाशय में थी।’’
सर्जरी के बाद महिला की हालत एकदम ठीक
पांडेय ने बताया कि जटिल सर्जरी से पहले महिला का वजन करीब 45 किलोग्राम था जिसमें 15 किलोग्राम की दो गांठों का भार शामिल है। उन्होंने बताया, ‘‘सर्जरी के बाद महिला की हालत एकदम ठीक है। हमने आज (सोमवार को) उसे अस्पताल से छुट्टी भी दे दी। अगर गांठें नहीं निकाली जातीं, तो मरीज की जान को खतरा हो सकता था।’’
पांडेय ने बताया कि महिला के पेट से निकाली गई गांठों के नमूने को हिस्टो पैथोलॉजी जांच के लिए भेजा गया है ताकि पता चल सके कि कहीं वह कैंसर से पीड़ित तो नहीं है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

