जबलपुर में शादी तोड़ने से नाराज पूर्व मंगेतर ने 19 वर्षीय युवती की चाकू मारकर हत्या की

जबलपुर में शादी तोड़ने से नाराज पूर्व मंगेतर ने 19 वर्षीय युवती की चाकू मारकर हत्या की
Share this news

जबलपुर, 10 जनवरी 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में दहेज की मांग को लेकर शादी तोड़े जाने से नाराज एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर 19 वर्षीय युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि हत्या के आरोप में साहिल रजक और उसके साथी अजय को गिरफ्तार कर लिया गया है।

शादी समारोह में हुई थी दोनों की मुलाकात

उन्होंने बताया कि ऋचा रजक इमलिया गांव की निवासी थी और रिछाई औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी में काम करती थी। एएसपी ने कहा, “ऋचा की मुलाकात करीब दो साल पहले एक शादी समारोह में साहिल से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच संबंध बने। दोनों परिवारों ने विवाह तय कर सगाई भी कर दी थी और शादी फरवरी में होनी थी।’’

दहेज की मांग पर टूटी शादी

उन्होंने बताया कि आरोप है कि साहिल ने बाद में ऋचा के परिजनों से फोन पर पांच लाख रुपये दहेज की मांग की और उन्हें अपशब्द भी कहे जिसके बाद ऋचा ने शादी तोड़ दी और उससे संबंध समाप्त कर लिए। शर्मा ने कहा कि साहिल को शक था कि ऋचा किसी और से बातचीत कर रही है और वह उसे फोन पर धमकियां देने लगा।

रास्ते में रोक चाकू से किया वार

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात साहिल और अजय मोटरसाइकिल से अधारताल थाना क्षेत्र के रिछाई औद्योगिक इलाके में पहुंचे और उन्होंने फैक्टरी से घर लौट रही ऋचा को बीच रास्ते में रोक लिया। उन्होंने कहा, “दोनों ने चाकू से उस पर हमला किया। उसकी गर्दन पर एक और सीने पर तीन-चार वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।” शर्मा ने बताया कि ऋचा को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार दोपहर उसकी मौत हो गई। मामले की आगे जांच की जा रही है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements