नरसिंहपुर में वाहन ने छह दोस्तों को कुचला, पांच की मौत और एक घायल

नरसिंहपुर में वाहन ने छह दोस्तों को कुचला, पांच की मौत और एक घायल
Share this news

नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश), 20 जुलाई 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर खड़े छह दोस्तों को एक तेज गति से गुजर रहे भारी वाहन ने कथित तौर पर कुचल दिया, जिससे पांच दोस्तों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

हाथीनाला झरने से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा

अधिकारी ने बताया सभी दोस्त पिकनिक के लिए नरसिंहपुर-जबलपुर सीमा पर स्थित हाथीनाला झरने गए थे और लौटते समय इंदिरा नगर के पास उनके साथ यह हादसा हुआ। मौके से सुआतला पुलिस थाने की प्रभारी प्रियंका केवट ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पांच लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।

मृतकों की पहचान :

  • राजेंद्र पटेल (22)
  • वीरेंद्र लोधी (20)
  • रामपाल सिंह लोधी (21)
  • जयपाल सिंह लोधी (30)
  • नीरज सिंह लोधी (25)

जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान आकाश सिंह लोधी (24) के रूप में हुई है।

हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक फरार

पुलिस ने बताया कि सभी पीड़ित जबलपुर जिले के रहने वाले थे। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के बाद गाड़ी (संभवतः ट्रक या डंपर) का चालक मौके से भाग गया। उन्होंने कहा, “अभी यह पता नहीं चल पाया है कि घटना में कौन सी गाड़ी शामिल थी। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और गाड़ी व उसके चालक की पहचान करने के लिए चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही है।”

तस्वीरें लेने रुके थे दोस्त, पल भर में मातम में बदलीं खुशियां

स्थानीय लोगों के मुताबिक, झरने से लौटने के बाद ये छह दोस्त तस्वीरें लेने के लिए राजमार्ग पर रुके थे, तभी तेज गति से गुजर रहे वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि राजेंद्र पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी लोगों की अस्पताल ले जाते समय चोटों के कारण मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements