रतलाम जंक्शन पर नाइजीरियाई महिला गिरफ्तार, 1.60 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ बरामद

Share this news

इंदौर (मध्यप्रदेश), 08 अगस्त 2026 (भाषा)

राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने दिल्ली से मुंबई जा रही 34 वर्षीय नाइजीरियाई महिला के पास से रतलाम रेलवे स्टेशन पर दो किलोग्राम ‘एम्फैटेमिन’ बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है।

1.60 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ जब्त

अधिकारी ने बताया कि जब्त मादक पदार्थ की कीमत 1.60 करोड़ रुपये आंकी गई है। उन्होंने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर बृहस्पतिवार को रतलाम जंक्शन पर ट्रेन में सवार नाइजीरियाई महिला को रोका गया।

दिल्ली से मुंबई जा रही थी महिला

अधिकारी के मुताबिक महिला दिल्ली से मुंबई की यात्रा कर रही थी और उसके सामान की तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग में प्लास्टिक का पैकेट बरामद हुआ जिसमें सफेद रंग का पदार्थ था। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान पता चला कि वह एम्फैटेमिन श्रेणी का पदार्थ है।

भारत में अवैध प्रवास का संदेह

उन्होंने बताया कि दो किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त कर लिया गया है और विदेशी महिला को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी के मुताबिक नाइजीरियाई महिला के भारत में अवैध रूप से रहने का संदेह है और इस संबंध में भी जांच की जा रही है।

क्या है एम्फैटेमिन ?

एम्फैटेमिन तंत्रिका तंत्र को उत्तेजित करने वाला पदार्थ है जो मस्तिष्क और शरीर में तंत्रिका संकेतों की गति बढ़ाती है। इसका उपयोग मुख्य रूप से अटेंशन डेफिसिट हाइपरएक्टिविटी डिसऑर्डर (एडीएचडी) और नार्कोलेप्सी के उपचार में किया जाता है, लेकिन इसके दुरुपयोग से लत लगने और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम रहता है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements