सागर में बदमाश की पीट-पीटकर हत्या, मारपीट का वीडियो वायरल हुआ

Share this news

सागर, 29 नवंबर 2025 (भाषा)

मध्यप्रदेश के सागर जिले में 39 साल के एक हिस्ट्रीशीटर की कुछ लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। मारपीट का एक वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

भीड़ ने पीटा लाठियों से

कोतवाली थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) मनीष सिंघल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना लाजपतपुर इलाके में हुई। मृतक सुशील चौबे के परिवार ने कहा कि 25 नवंबर की रात को भीड़ ने उसे लाठियों से पीटा था। एसएचओ सिंघल ने कहा, “उसे 26 नवंबर को अस्पताल ले जाया गया, जहां अगले दिन उसकी मौत हो गई। उसकी मौत के बाद उसके परिवार ने पुलिस से संपर्क किया। हमें पहले इस घटना के बारे में पता नहीं था।”

वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की जांच जारी

“हम उस व्यक्ति की जांच कर रहे हैं जिसने वीडियो बनाया। डॉक्टरों के मुताबिक, चौबे के हाथ पर सिर्फ़ एक चोट का निशान था, जिससे मौत नहीं हो सकती। हम प्राथमिकी दर्ज करने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतज़ार कर रहे हैं। हमने मृतक के परिजनों द्वारा बताए गए कुछ लोगों को पूछताछ के लिए पकड़ा है।”

चौबे पर लूट और मारपीट जैसे 30 मामले दर्ज

सिंघल ने कहा कि चौबे को थाना शहर और गोपालगंज में “निगरानी में रखे गए अपराधी” के तौर पर सूचीबद्ध किया गया था और उसके नाम पर लूट और मारपीट जैसे अपराधों सहित लगभग 30 मामले दर्ज थे। वीडियो में लगभग 15 लोग चौबे को डंडों से पीटते और उसके पैर तोड़ने के निर्देश देते हुए दिख रहे हैं, जबकि अन्य लोग उसे घसीटने की मांग करते हुए सुने जा सकते हैं। चौबे के बड़े भाई सुधीर चौबे ने कुछ आरोपियों के नाम लिए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements