टीकमगढ़, 23 सितम्बर 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले में मंगलवार दोपहर तालाब में नहाने गये दो चचेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, घटना बड़ागांव थाना क्षेत्र के मदनीखेरा में हुई और शवों को तालाब से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।
तालाब में नहाते समय हुआ हादसा
थाना प्रभारी जयंत गोयल ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘मदनीखेरा में रहने वाले अनिकेत और हेमंत तालाब के किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान दोनों नहाने के लिए तालाब में उतर गए और गहराई में जाने से डूब गए।’’ उन्होंने बताया कि दोनों बच्चों की उम्र नौ वर्ष थी और वे चचेरे भाई थे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया
गोयल ने बताया कि घटना के समय दोनों बच्चों के परिजन तालाब के पास ही फसल काट रहे थे। पुलिस के अनुसार, जब बच्चे काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और इस दौरान उन्हें दोनों के शव तालाब में तैरते दिखाई दिए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को बरामद कर कार्रवाई शुरू कर दी।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

