
मुंबई (भाषा) महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश के चलते रविवार को आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें से अधिकतर की मौत बिजली गिरने से हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मौसम विभाग ने रत्नागिरि और रायगढ़ जैसे तटीय जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ और पालघर, ठाणे, सिंधुदुर्ग तथा पुणे, सातारा और कोल्हापुर के घाट के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैनात की गई हैं।
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, बीते 24 घंटे में पूर्वाह्न 11 बजे तक रत्नागिरि में सबसे अधिक 88.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद रायगढ़ में 65.3 मिमी, सिंधुदुर्ग में 43.8 मिमी, ठाणे में 29.6 मिमी और यवतमाल में 27.5 मिमी वर्षा हुई।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में आठ लोगों की जान गई है और दस लोग घायल हुए हैं।