
जैसलमेर/जयपुर (भाषा) राजस्थान के जैसलमेर जिले के बासनपीर गांव के पास सड़क दुर्घटना में शादी करके लौट रहे दूल्हे समेत तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना बासनपीर गांव के पास मंगलवार देर रात हुई जब अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि कार को टक्कर मारने के बाद वाहन चालक फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान दूल्हे लीला राम (45), उसकी बहन मूली देवी (35), हितेश (9 महीने) के रूप में हुई है और चार घायलों को जोधपुर भेज दिया गया है।

जयपुर के पास बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतकों में नवविवाहित दुल्हन भी शामिल है।
रायसर के थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि हादसा सुबह लगभग सवा छह बजे रायसर इलाके में भटकाबास गांव के पास दौसा-मनोहरपुर राजमार्ग पर हुआ जब एक ट्रक और जीप की आमने सामने भिड़ंत हो गई।
उन्होंने बताया कि जीप में बाराती सवार थे जो मध्य प्रदेश से लौट रहे थे। सिंह ने कहा कि हादसे में दुल्हन समेत पांच लोगों की मौत हो गई तथा आठ अन्य घायल हो गए, घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
उन्होंने कहा कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बारातियों की गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए, कड़ी मशक्कत के बाद पीड़ितों को बाहर निकाला जा सका।
हादसे के बाद हाईवे पर यातायात ठप हो गया और अफरा तफरी मच गई। पुलिस ने कहा कि दुल्हन भारती (18) शहडोल के मंडोली गांव की रहने वाली थी।
पुलिस के अनुसार उदयपुरवाटी का निवासी दूल्हा विक्रम मीणा (25) गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे और गंभीर रूप से घायल अन्य यात्रियों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने कहा कि अन्य मृतकों की पहचान जीतू (33), सुभाष (28), रवि कुमार (17) के रूप में हुई है।