शिवगंगा, 01 दिसंबर 2025 (भाषा)
तमिलनाडु के शिवगंगा जिले में रविवार को दो सरकारी बसों की आमने-सामने टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई और करीब 25 यात्री घायल हो गए।
11 लोगों की मौके पर ही मौत
जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के बताया कि रविवार शाम को दुर्घटना में 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों में आठ महिलाएं, दो पुरुष और एक बच्चा शामिल है। हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने जताया दुःख
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने दुर्घटना और जानमाल के नुकसान पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने जिला कलेक्टर और जिले के प्रभारी मंत्री केआर पेरियाकरुप्पन को प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान करने और घायलों का उचित उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री ने की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को तीन-तीन लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की। उन्होंने मामूली रूप से घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
दुर्घटना का कारण स्पष्ट नहीं
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ‘‘यह आमने-सामने की टक्कर थी, कारण स्पष्ट नहीं है, हम इसकी जांच कर रहे हैं।’’ शिवगंगा सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एक वरिष्ठ चिकित्सक ने संवाददाताओं को बताया कि दुर्घटना में घायल हुए लोगों की देखभाल और उपचार के लिए सभी प्रबंध कर लिए गए हैं। यह दुर्घटना कराईकुड़ी से लगभग 15 किमी दूर तिरुपत्तूर-पिल्लयारपट्टी मार्ग पर नचियापुरम पुलिस थाना क्षेत्र के तिरुपत्तूर के पास वैरावनपट्टी के बीच हुई।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

