नयी दिल्ली, 08 जनवरी 2026 (भाषा)
अदालत के आदेश के बाद संचालित अतिक्रमण रोधी अभियान के दौरान बुधवार तड़के मध्य दिल्ली के तुर्कमान गेट में झड़पें और पथराव की घटना के मद्देनजर वहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनी रहेगी।
इलाके में फिलहाल शांति का माहौल
पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की पर्याप्त तैनाती की गई है। वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘इलाके में फिलहाल शांति है।
क्या हैं मामला?
बुधवार तड़के झड़पें उस समय हुईं जब दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अधिकारियों ने दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद तुर्कमान गेट के सामने रामलीला मैदान क्षेत्र में फैज-ए-इलाही मस्जिद और कब्रिस्तान के पास अवैध कब्जा हटाने का अभियान चलाया। पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान कुछ निवासियों ने पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों पर पत्थर फेंके, जिससे इलाके में हंगामा मच गया।
हिंसा में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। पुलिस ने कहा कि चार पुरुषों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक किशोर को भी पकड़ा गया है।
लोगों की पहचान करने के प्रयास जारी
इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है और सीसीटीवी फुटेज और अन्य वीडियो क्लिप की जांच कर हिंसा में भाग लेने वाले लोगों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। सूत्रों के अनुसार, यह झड़प एक सोशल मीडिया पोस्ट के कारण भड़की, जिसमें दावा किया गया था कि मस्जिद को ध्वस्त किया जा रहा है।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

