रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास पर गोलीबारी, चार लोगों को हिरासत में लिया गया

रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास पर गोलीबारी, चार लोगों को हिरासत में लिया गया
Share this news

मुंबई, 01 फरवरी 2026 (भाषा)

मुंबई के जुहू इलाके में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के बहुमंजिला आवास पर शनिवार देर रात हुई गोलीबारी के सिलसिले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।

घटना में कोई हताहत नहीं

इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और अभी यह पता नहीं चल पाया है कि गोलीबारी के समय शेट्टी अपने घर पर थे या नहीं। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने रात करीब पौने एक बजे नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर गोलीबारी की। अधिकारी ने बताया कि कम से कम पांच गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली इमारत में स्थित जिम के शीशे पर लगी।

जांच में जुटी पुलिस

उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद इमारत के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारी ने कहा, ‘‘किसी ने इमारत पर गोली चलाई। क्षेत्रीय पुलिस और अपराध शाखा की टीम मामले की जांच कर रही हैं।’’ अधिकारी ने बताया कि जुहू पुलिस और अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।

आरोपियों की पहचान करने और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए पुलिस इमारत के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की पड़ताल कर रही है। अधिकारी ने बताया कि साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विज्ञान और बैलिस्टिक विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोप में भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements