भारत-पाक एशिया कप : वर्मा के बल्ले से हुआ भारत का विजय तिलक, पाकिस्तान को हराकर जीता एशिया कप

भारत-पाक एशिया कप : वर्मा के बल्ले से हुआ भारत का विजय तिलक, पाकिस्तान को हराकर जीता एशिया कप
Share this news

दुबई, 29 सितंबर 2025 (भाषा)

भारत-पाक एशिया कप में तिलक वर्मा ने नाबाद अर्धशतक लगाकर ‘संकटमोचक ’ की भूमिका निभाई और बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में रविवार को भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का एक बार फिर मानमर्दन करते हुए पांच विकेट से हराकर नौवीं बार एशिया कप जीता

प्रशंसकों को किया जश्न में सराबोर

भारत को आखिरी ओवर में दस रन की जरूरत थी और विवादों से घिरे रहने वाले पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ के हाथ में गेंद थी। तिलक ने दूसरी गेंद पर छक्का लगाया और चौथी गेंद पर रिंकू सिंह ने चौका जड़कर स्टेडियम में मौजूद भारतीय दर्शकों के साथ टीवी के आगे नजरें गड़ाये बैठे प्रशंसकों को जश्न में सराबोर कर दिया ।

भारत की खराब शुरूआत

जीत के लिये 147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरूआत खराब रही थी और पहले पांच ओवर में 20 रन के भीतर तीन विकेट गिर गए थे । इसके बाद तिलक ने एक मोर्चा संभालकर 53 गेंद में नाबाद 69 रन बनाये जबकि संजू सैमसन (24)र शिवम दुबे ( 21 गेंद में 33 रन ) ने उनका पूरा साथ दिया । फाइनल से पहले मैदान से बाहर के तनाव के बीच सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर की इस टीम ने फॉर्म में चल रहे बल्लेबाजों के जल्दी आउट होने के बावजूद बेखौफ खेल दिखाया और दबाव को हावी नहीं होने दिया ।

तिलक ने अपनी पारी से टीम को पहुंचाया जीत तक

पहले कुलदीप यादव ने चार विकेट लेकर पाकिस्तान को 19 . 1 ओवर में 146 रन पर समेट दिया और उसके बाद तिलक ने अपनी पारी से टीम को जीत तक पहुंचाया । उन्होंने सैमसन के साथ 57 और दुबे के साथ 64 रन की साझेदारी की ।

दस ओवर में पाक टीम को लाई दवाब में

हार्दिक पंड्या के बगैर उतरी भारतीय टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया लेकिन पाकिस्तान ने काफी आक्रामक शुरूआत की । सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान (38 गेंद में 57 रन) और फखर जमां (35 गेंद में 46 रन ) ने दसवें ओवर तक 84 रन की साझेदारी कर ली थी । आखिरी दस ओवर में हालांकि भारतीय स्पिनरों ने उन्हें पूरी तरह दबाव में ला दिया । कुलदीप ने चार ओवर में 30 रन देकर चार विकेट लिये जबकि अक्षर पटेल ने चार ओवर में 26 और वरूण चक्रवर्ती ने 30 रन देकर दो दो विकेट चटकाये।

स्पोर्ट्स की और खबरें पढ़ने की लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements