हर फिल्म के साथ खुद को बेहतर बनाने का प्रयास करता हूं : अभिषेक बच्चन

फिल्म ‘कालीधर लापता : अभिषेक बच्चन
Share this news

भोपाल 26 जून 2025 (भाषा)

अभिनेता अभिषेक बच्चन का कहना है कि हर कलाकार का ‘लेटेस्ट’ (हाल का) काम उसका ‘बेस्ट’ (सर्वश्रेष्ठ) होना चाहिए और इसी का अनुसरण करते हुए वह कोशिश करते हैं कि हर फिल्म के साथ खुद को बेहतर बनाते चलें।

युवा’, ‘गुरु’ और ‘धूम’ सहित कई अन्य फिल्मों में अपने शानदार अभिनय के लिए प्रशंसा बटोर चुके अभिषेक बच्चन ने यह भी कहा कि 10 वर्ष पहले और अभी के अभिनय में अंतर ना हो तथा उसमें और सुधार ना आए तो यह ‘दुख’ की बात होगी।

फिल्म ‘कालीधर लापता : अभिषेक बच्चन

अभिषेक बच्चन अभिनीत ‘कालीधर लापता’ फिल्म चार जुलाई को ओटीटी मंच ‘जी5’ पर प्रदर्शित होने वाली है।

‘कालीधर लापता’ में अभिषेक बच्चन ने कालीधर नाम के एक मध्यम आयु वर्ग के व्यक्ति का अभिनय किया है, जिसकी याददाश्त कमजोर है और जिसने जिंदगी में बहुत धोखे खाए।

इस फिल्म का निर्देशन दक्षिण भारतीय फिल्मों की निर्देशक मधुमिता ने किया है।

फिल्म में भोपाल के रहने वाले बाल कलाकार दैविक बाघेला ने भी महत्वपूर्ण किरदार निभाया है।

अभिषेक बच्चन से जब यह पूछा गया कि ‘कालीधर लापता’ में ऐसा क्या है कि जिसके लिए दर्शक यह फिल्म देखेंगे, उन्होंने कहा कि जब भी उनसे यह सवाल पूछा जाता है तो वह इसका जवाब नहीं दे पाते हैं।

2000 में प्रदर्शित हुई फिल्म ‘रिफ्यूजी

वर्ष 2000 में प्रदर्शित हुई फिल्म ‘रिफ्यूजी’ से अपने सिनेमाई सफर की शुरुआत करने वाले अभिषेक बच्चन से जब फिल्मों से हासिल उनके अनुभवों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह अपनी हर फिल्म से कुछ न कुछ सीखने का प्रयास करते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘जो भी फिल्म करूं कोशिश यही होती है कि जब उसकी शूटिंग खत्म हो जाए तो उस किरदार का थोड़ा बहुत गुण अपने साथ रह जाए।’’

अभिषेक की हालिया फिल्म ‘हाउसफुल 5’ छह जून को रिलीज हुई थी, जिसमें अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और अन्य कलाकार भी हैं।

मध्यप्रदेश में हुई कालीधर लापता फिल्म की शूटिंग

अभिषेक बच्चन ने मध्यप्रदेश में फिल्म की शूटिंग के अपने अनुभवों को ‘बहुत ही अच्छा’ बताया और कहा कि यहां की सारी व्यवस्थाएं भी शानदार थीं।

उन्होंने कहा, ‘‘मुंबई जाकर दोस्तों को बताऊंगा कि मुंबई से बाहर अगर आपको कहीं शूटिंग करनी है तो आप मध्यप्रदेश में शूटिंग करें। बहुत ही अच्छा है।’’ मध्यप्रदेश के भोपाल में अभिषेक बच्चन का ननिहाल है।

दैविक बाघेला और मधुमिता

अभिषेक बच्चन ने फिल्म में अभिनय के लिए दैविक की सराहना की और कहा कि वह बहुत ही अच्छे कलाकार हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘उनसे (दैविक से ) काफी कुछ सीखने को मिला। प्रार्थना करूंगा कि आगे जाकर उनके साथ एक और फिल्म बनाऊं अगर वह आज्ञा दें तो।’’

दैविक ने कहा कि अभिषेक बच्चन जैसे कलाकार और मधुमिता जैसे निर्देशक के साथ काम करके उन्हें बहुत अच्छा अनुभव हासिल हुआ।

उन्होंने कहा, ‘‘दोनों ने मुझे बहुत अच्छे से सिखाया कि कैसे अभिनय करना है। पहले मैं थिएटर करता था और थियेटर व फिल्म की अदाकारी अलग-अलग होती है। इस फिल्म में काम करके मुझे पता चला कि सिनेमा में कैसे अभिनय किया जाता है।’’

मधुमिता ने कहा ‘इस फिल्म में कालीधर को बल्लू मिल गया। वह जितनी भी मुश्किलों में होता है, उसके जीवन में बल्लू आता है तो उसकी जिंदगी में खुशी आ जाती है। बल्लू से मिलने के बाद कालीधर की जिंदगी में बहुत बदलाव आता है।’’

मनोरंजन की और खबर पढने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements