इंदौर (मध्यप्रदेश), 14 नवंबर 2025 (भाषा)
इंदौर में शादी का झांसा देकर 23 वर्षीय ट्रांसजेंडर का यौन उत्पीड़न के आरोप में पुलिस ने एक पुरुष को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया।
पुरूष के खिलाफ मामला दर्ज
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि पीड़ित ट्रांसजेंडर की शिकायत पर शहर के विजय नगर थाने में 25 वर्षीय पुरुष के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम के संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया।
पारिवारिक समारोह में हुई थी दोनों की मुलाकात
पीड़ित ट्रांसजेंडर और आरोपी की मुलाकात पड़ोस के देवास जिले में एक पारिवारिक समारोह में हुई थी और इंस्टाग्राम पर चैट के दौरान उनमें दोस्ती हुई। दंडोतिया ने प्राथमिकी के हवाले से बताया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर ट्रांसजेंडर पर लिंग पुष्टिकरण सर्जरी के जरिये महिला बनने का दबाव डाला जिसके बाद पीड़ित ने इस ऑपरेशन के वास्ते दिल्ली के एक क्लीनिक में अपना इलाज कराना शुरू कर दिया।
आरोपी ने हड़पे 30 लाख रूपए
प्राथमिकी के मुताबिक, आरोपी ने ट्रांसजेंडर का कई बार यौन उत्पीड़न किया और बाद में शादी से मुकर गया। ट्रांसजेंडर ने प्राथमिकी में यह भी कहा कि आरोपी ने उसके करीब 30 लाख रुपये हड़प लिए जिसमें कार खरीदने के लिए दिए गए पांच लाख रुपये शामिल हैं। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया, ‘‘आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।’’
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

