किंगस्टन, 04 मई 2026 (भाषा)
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्नेस के साथ मिलकर रविवार को यहां सबीना पार्क में भारत द्वारा उपहार में दिए गए इलेक्ट्रॉनिक स्कोरबोर्ड का अनावरण किया। इस अवसर पर जयशंकर ने कहा कि भारत और जमैका के बीच संबंध क्रिकेट की गहराई से निहित हैं।
सबीना पार्क क्रिकेट टीम का घरेलू मैदान
किंगस्टन स्थित सबीना पार्क जमैका क्रिकेट टीम का घरेलू मैदान है। यह वेस्टइंडीज के इस राष्ट्र का एकमात्र टेस्ट क्रिकेट मैदान है। जयशंकर ने रविवार को समारोह के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘भारत और जमैका की कहानी रनों में लिखी गई है, सम्मान में लिखी गई है, दोस्ती में लिखी गई है। प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्नेस जेएम के साथ सबीना पार्क में भारत द्वारा उपहार में दिए गए इलेक्ट्रॉनिक स्कोरबोर्ड का औपचारिक रूप से अनावरण किया।’’
नया स्कोरबोर्ड कई यादगार पारियों का गवाह बनेगा : जयशंकर
जयशंकर ने आशा व्यक्त की कि नया स्कोरबोर्ड कई यादगार पारियों का गवाह बनेगा, जिनमें वे पारियां भी शामिल होंगी जो दोनों देशों के बीच अटूट मित्रता का प्रतीक होंगी। उन्होंने कहा, ‘‘भविष्य की कई महान पारियों को इस स्कोरबोर्ड पर दर्ज किया जाएगा। उनमें से एक भारत-जमैका की मित्रता की पारी भी हो।’’
जयशंकर ने इस समारोह में जमैका के क्रिकेट दिग्गज क्रिस गेल की अनुपस्थिति पर भी ध्यान दिलाया और कहा कि उनकी कमी महसूस की गई।
स्पोर्ट्स की और खबरें पढ़ने की लिए यहाँ क्लिक करें

