भोपाल में कोचिंग संस्थान की महिला निदेशक शुभ्रा रंजन को बंधक बनाकर 1.89 करोड़ रुपये की लूट, छह गिरफ्तार

भोपाल में कोचिंग संस्थान की महिला निदेशक शुभ्रा रंजन को बंधक बनाकर 1.89 करोड़ रुपये की लूट, छह गिरफ्तार
Share this news

भोपाल, 04 मई 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस की अपराध शाखा ने एक आईएएस कोचिंग संस्थान की महिला निदेशक 1.89 करोड़ रुपये की लूट और उन्हें दो दिनों तक बंधक बनाकर रखने के मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

सेमिनार के बहाने बुलाया, ठगे 1.89 करोड़ रुपये

पुलिस की ओर से जारी बयान के अनुसार आरोपियों ने दिल्ली स्थित एक आईएएस अकादमी की निदेशक शुभ्रा रंजन को बुधवार को भोपाल यह कहकर बुलाया कि यहां एक नया केंद्र खोला जाएगा और एक सेमिनार आयोजित किया जाएगा। बयान में कहा गया, “आरोपियों ने शुभ्रा रंजन को किराये के एक मकान में बुलाया, हथियारबंद साथियों की मदद से बंधक बना लिया और जान से मारने की धमकी देकर विभिन्न बैंक खातों में 1.89 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवा लिए। महिला की मदद के लिए आवाज बाहर न जा सके, इसके लिए वहां सुंदरकांड का पाठ भी आयोजित किया गया।”

पूर्व छात्रों ने रची थी साजिश

पुलिस के अनुसार इस साजिश का मुख्य आरोपी प्रियंक शर्मा है, जो पीड़िता के संस्थान का पूर्व छात्र रहा है। अन्य आरोपी दतिया और रीवा के रहने वाले हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता द्वारा बृहस्पतिवार को पुलिस से संपर्क करने के बाद उनके बैंक खाते को फ्रीज कर दिया गया, ताकि रकम वापस प्राप्त की जा सके।

अस्पताल में छिपने की कोशिश नाकाम

उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी प्रियंक शर्मा ने रविवार को गिरफ्तारी से बचने के लिए बीमार होने का बहाना बनाकर भोपाल एम्स में खुद को भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि शर्मा को अस्पताल से गिरफ्तार किया गया, जहां उसकी मां और पत्नी ने हंगामा किया। पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त आयुक्त मोनिका शुक्ला के नेतृत्व में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कई स्थानों से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

अपराध में इस्तेमाल पिस्तौल और अन्य सामग्री बरामद

अधिकारी ने कहा कि अपराध में इस्तेमाल पिस्तौल और अन्य सामग्री बरामद कर ली गई है। उन्होंने बताया कि शर्मा के अलावा अन्य गिरफ्तार आरोपियों में रोहित मालवीय, दीपक भगत, विकास उर्फ विक्की दहिया, कुणाल यादव और पंकज अहिरवार शामिल हैं। एक अन्य आरोपी फरार है, जबकि एक अन्य की भूमिका की जांच की जा रही है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements