सहारनपुर में गर्भवती भाभी की फावड़े से काटकर की हत्या, शव के पास एक घंटे तक खड़ा रहा आरोपी

सहारनपुर में गर्भवती भाभी की फावड़े से काटकर की हत्या, शव के पास एक घंटे तक खड़ा रहा आरोपी
Share this news

सहारनपुर (उप्र), 11 मई 2026 (भाषा)

सहारनपुर जिले के नानौता क्षेत्र में रविवार रात शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी पांच माह की गर्भवती भाभी की फावड़े से प्रहार करके कथित तौर पर हत्या कर दी। मृतका के परिजन ने ससुराल के सभी लोगों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है।

शव के पास खड़ा रहा हत्यारा

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्यारा खून से सना फावड़ा लेकर शव के पास खड़ा रहा और किसी को भी कमरे के अंदर नहीं आने दिया। साथ ही सिलेण्डर का पाइप खोलकर आग लगाने की धमकी भी दी। बाद में उसे बमुश्किल पकड़ा गया।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस क्षेत्राधिकारी अशोक सिसोदिया ने बताया कि नानौता कस्बे में आमिर नामक व्यक्ति ने रविवार देर रात शराब के नशे में अपनी भाभी सना (24) से झगड़े के बाद उसके सिर, पेट और छाती पर फावड़े से ताबड़तोड़ वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि वारदात के बाद आमिर खून से सना फावड़ा लेकर करीब एक घंटे तक शव के पास खड़ा रहा और शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों को फावड़े से हमला करने की धमकी दी, साथ ही एक हाथ में रसोई गैस सिलेंडर का पाइप लेकर आग लगाने की बात भी कही।

फोरेंसिक टीम ने एकत्र किये जांच के लिये सुबूत

सिसोदिया ने बताया कि बाद में पुलिस ने मौके पर मौजूद निसार खान नामक व्यक्ति की मदद से आमिर को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है जबकि फोरेंसिक टीम ने मौके से खून के नमूने, फावड़ा और अन्य सुबूत जांच के लिये एकत्र किये हैं।

मृतका के पिता ने लगाए पूरे परिवार पर आरोप

पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आमिर अपने भाई सलमान के गैर-बिरादरी में शादी करने से नाराज था। सिसोदिया ने बताया कि मृतका के पिता आसिफ ने आरोप लगाया है कि एक योजना के तहत आमिर को माध्यम बनाकर पूरे परिवार ने एक योजना के तहत सना की हत्या की है। आरोप है कि हत्या के समय सना की सास और ननद पहले ही योजना के तहत घर से कहीं चली गई थी जबकि सलमान भी साजिश के तहत थाने पहुंचा था जहां उसने अपने भाई द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने की जानकारी दी थी।

उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में आमिर और उसके भाई सलमान को पुलिस ने हिरासत मे ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements