इंदौर में ऑनलाइन गेम की उधारी के विवाद में हत्या, 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार

ऑनलाइन गेम की उधारी के विवाद में हत्या, 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार
Share this news

इंदौर, 12 मई 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में ऑनलाइन गेम की उधारी के विवाद में हत्या के आरोप में पुलिस ने सोमवार को 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया।

पत्थर से हमला करके कर दी हत्या

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राजेंद्र कुमार वर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि बेटमा थाना क्षेत्र में समीर पटेल (32) की सात मई को पत्थर से हमला करके हत्या कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर रमजान पटेल (19) को गिरफ्त में लेकर पूछताछ की गई जिसमें उसने हत्याकांड को अंजाम देना कथित तौर पर स्वीकार कर लिया।

तीन लाख रुपये को लेकर दोनों के बीच हुआ विवाद

वर्मा के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि समीर और रमजान अलग-अलग ऑनलाइन गेम खेलते थे जिनमें धन की हार-जीत को लेकर दोनों के बीच विवाद था। उन्होंने बताया कि रमजान ऑनलाइन गेम में समीर से करीब 10 लाख रुपये हार चुका था और उसने उसे सात लाख रुपये चुका भी दिए थे, लेकिन शेष तीन लाख रुपये को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

पुलिस कर रही दोनों के मोबाइल फोन की जांच

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रमजान ने कथित तौर पर इस विवाद में समीर के सिर पर पत्थर से हमला करके उसकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि पुलिस समीर और रमजान के मोबाइल फोन की जांच कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि दोनों कब से ऑनलाइन गेम खेल रहे थे और इस गतिविधि में अन्य लोग शामिल थे या नहीं।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements