नयी दिल्ली, 08 जून 2026 (भाषा)
वरुण धवन अभिनीत फिल्म “है जवानी तो इश्क होना है” ने अपने पहले सप्ताहांत में वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर करीब 42 करोड़ रुपये की कमाई की है।
पांच जून को रिलीज हुई फिल्म
यह फिल्म पांच जून को रिलीज हुई और टिप्स फिल्म्स के बैनर तले इसका निर्माण किया गया है। इसका निर्देशन डेविड धवन ने किया है और वरुण के साथ इसमें पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर भी मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म निर्देशक डेविड धवन की आखिरी फिल्म है, जिन्होंने पिछले महीने संन्यास की घोषणा की थी।
पहले दिन 10.20 करोड़ रुपये की कमाई
फिल्म निर्माता कंपनी ने सोमवार को अपने आधिकारिक ‘इंस्टाग्राम’ हैंडल पर बॉक्स ऑफिस के आंकड़े साझा किए। पोस्ट में फिल्म का पोस्टर भी शामिल था। फिल्म “है जवानी तो इश्क होना है” ने पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 10.20 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके बाद फिल्म ने क्रमशः 10.74 करोड़ रुपये और 12.70 करोड़ रुपये कमाए।
सभी परिवारों की पसंदीदा फिल्म
इसमें लिखा है कि फिल्म ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर कुल 41.99 करोड़ रुपये और घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 33.64 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। “है जवानी तो इश्क होना है” अब आधिकारिक तौर पर सभी परिवारों की पसंदीदा फिल्म बन गई है। सिनेमाघरों में अभी देखें। अपने टिकट बुक करें।” इसमें मौनी रॉय, कुब्रा सैत और राकेश बेदी सहित अन्य कलाकार भी शामिल हैं।
फिल्म और मनोरंजन से जुडी और ख़बरें पढने के लिए यहां क्लिक करें

