मुंबई में बेस्ट बस कई वाहनों से टकराई, एक की मौत व तीन अन्य घायल

मुंबई में बेस्ट बस कई वाहनों से टकराई, एक की मौत व तीन अन्य घायल
Share this news

मुंबई, 08 जून 2026 (भाषा)

मुंबई की परिवहन सेवा ‘बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट’ (बेस्ट) बस सोमवार को दादर इलाके में दो कारों समेत कई वाहनों से टकरा गई, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा।

कैसे हुई घटना ?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बेस्ट बस के चालक ने सुबह करीब साढ़े नौ बजे प्लाजा सिनेमा के निकट वाहन पर से नियंत्रण खो दिया जिसके बाद बस दो कारों, एक टैक्सी और दो मोटरसाइकिलों से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के समय जोरदार आवाज सुनाई दी और सड़क पर मलबा बिखर गया।

एक की मौत व तीन अन्य घायल

एक अधिकारी ने बताया कि दो मोटरसाइकिल सवार, बस का परिचालक (कंडक्टर) और एक अन्य व्यक्ति हादसे में घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सायन अस्पताल ले जाया गया। बाद में 22 वर्षीय एक व्यक्ति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों की पहचान ऋषभ गुप्ता (25), सतीश वाघमारे (48) और महेश दोईफोड़े (50) के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि गुप्ता की हालत गंभीर है क्योंकि उसके सिर में गंभीर चोट आईं।

मौके पर पहुंचे पुलिस तथा दमकल विभाग के कर्मी

उन्होंने बताया कि बचाव कार्य की निगरानी और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए शिवाजी पार्क पुलिस तथा दमकल विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है। घटना के बाद कुछ मार्गों को अस्थायी रूप से बंद कर यातायात को अन्य रास्तों पर मोड़ दिया गया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements