कोडरमा (झारखंड), 14 अगस्त 2026 (भाषा)
झारखंड के कोडरमा जिले में शुक्रवार को श्रद्धालुओं को ले जा रही एक बस के खड़े ट्रक से टकरा जाने से नेपाल के 10 वर्षीय लड़के समेत कम से कम तीन कांवड़ियों की मौत हो गई जबकि 10 अन्य घायल हो गए।
3 कांवड़ियों की मौत, 10 घायल
एक अधिकारी ने बताया कि हादसा सुबह करीब 4.30 बजे सतगावां थाना क्षेत्र के पोखराडीह में हुआ। सतगावां के थाना प्रभारी बबलू कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हादसे में कम से कम तीन ‘कांवड़ियों’ की मौत हो गई जबकि 10 अन्य घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।’’
ड्राइवर को झपकी आने से हादसा
उन्होंने बताया कि नेपाल के रौतहट जिले के 45 तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस देवघर जिले में बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने और दुमका स्थित बासुकीनाथ धाम के दर्शन के बाद हिमालयी देश नेपाल लौट रही थी। कुमार ने बताया कि बस नेपाल के रास्ते बिहार के राजगीर जा रही थी तभी चालक को झपकी आ गई और बस ने खड़े ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि मरने वालों में शिवम कुमार नाम का 10 साल का एक लड़का भी शामिल था जबकि बाकी दो वयस्कों की पहचान की जा रही है।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

