MP ELECTION : भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए दो और उम्मीदवारों के नाम घोषित किए

सांकेतिक तस्वीर
Share this news

भोपाल, (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को मध्य प्रदेश की गुना और विदिशा विधानसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। इसके साथ ही सत्तारूढ़ भाजपा ने राज्य की सभी 230 विधानसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। राज्य में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं।

भाजपा ने गुना से पन्नालाल शाक्य और विदिशा विधानसभा सीट से मुकेश टंडन को मैदान में उतारा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, टंडन को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का करीबी माना जाता है। शाक्य 2013 में गुना सीट से भाजपा के टिकट पर चुने गए थे। टंडन 2018 के विधानसभा चुनाव में विदिशा से कांग्रेस उम्मीदवार शशांक भार्गव से हार गए थे।

कांग्रेस ने विदिशा सीट से मौजूदा विधायक भार्गव को फिर से मैदान में उतारा है। गुना में पंकज कनेरिया कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने 2013 का विधानसभा चुनाव विदिशा और बुधनी से लड़ा था और दोनों सीट पर जीत हासिल की थी। हालांकि, बाद में चौहान ने बुधनी विधानसभा सीट बरकरार रखने के लिए विदिशा से इस्तीफा दे दिया था।

प्रदेश भाजपा सचिव रजनीश अग्रवाल के अनुसार, चौहान ने पांच बार विदिशा लोकसभा सीट का भी प्रतिनिधित्व किया। सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस दोनों ने राज्य की सभी 230 विधानसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।

About Post Author


Share this news
Advertisements