KATNI : बड़वारा थाने से भागा वारंटी खेत में जाकर छिपा, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा 

Share this news

कटनी दैमप्र। बड़वारा थाने में पुलिस हिरासत से चकमा देकर फरार हुआ वारंटी कोदू लाल पटेल पुलिस की गिरफ्त में आ गया है, वह ग्राम बसाडी स्थित एक खेत में जाकर छिप गया था। शनिवार रात वारंटी के रफूचक्कर होने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश में सघन अभियान चलाया, जिसके बाद उसे सलना और बसाडी गांव के बीच एक खेत से धर दबोचा गया। 

एसडीओपी उमराव सिंह ने बताया कि शनिवार देर रात बड़वारा पुलिस ने एक पुराने स्थायी वारंट के आधार पर कोदू लाल पटेल को हिरासत में लिया था। कोदू लाल पटेल को थाने में रखा गया था, लेकिन देर रात जब थाने में स्टाफ कम था, उसी दौरान उसने मौका पाकर पुलिस को चकमा दिया और थाना परिसर से फरार हो गया।

आरोपी को पकड़ने चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। इन टीमों को थाना क्षेत्र के घने जंगलों, आसपास के गांवों और अन्य सभी संभावित स्थानों पर वारंटी की तलाश के लिए भेजा गया। पुलिस टीमों ने रात भर और अगले दिन भी लगातार तलाशी अभियान जारी रखा। आखिरकार, सघन तलाश के बाद फरार वारंटी कोदू लाल पटेल को ग्राम सलना और बसाडी के बीच एक खेत में छिपा हुआ पाया जिसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए वारंटी कोदू लाल पटेल के खिलाफ अब धारा 224 विधिपूर्ण निरोध से भाग जाना के तहत एक नया मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

About Post Author


Share this news
Advertisements