KATNI : चाकू अड़ा कर लुटेरों ने कार सवार युवकों से की लाखों की लूट

Share this news

स्लीमनबाद स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर लुटेरे बदमाशों ने मचा रखा आंतक

कटनी,बहोरीबंद दैमप्र। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर आये दिन लूट की घटनाये घटित हो रही है।लेकिन स्लीमनाबाद पुलिस इन हाइवे के लु टरो पर अंकुश नहीं लगा पा रही है!

बुधवार की रात भी स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर छपरा में कार सवार युवकों के साथ लूट की घटना घटित हुई।जबलपुर से कटनी की तरफ आ रहे कार सवार युवक राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम छपरा के समीप जैसे ही सड़क किनारे गाड़ी रोक, कार  से उतरे उसी दौरान हथियारबंद तीन लुटेरों ने उन्हें घेर लिया। हांथ में चाकू लिए लुटेरों ने मारपीट करते हुए सोने की अंगूठी, चैन सहित लाखों रुपए लूट लिए।स्लीमनाबाद पुलिस के मुताबिक माधवनगर नयागांव इमलिया निवासी 39 वर्षीय रामसुजान पिता डुम्मा वंशकार एवं माधव नगर मानसरोवर कॉलोनी निवासी अखिलेश पिता स्वर्गीय सुशील कुमार श्रीवास्तव एवं एक अन्य साथी के साथ जबलपुर से कटनी लौट रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर ग्राम छपरा के समीप स्थित टाटा कमर्शियल के सामने  बुधवार 18 जून की रात लगभग 11:30 बजे जब उन्होंने सड़क किनारे गाड़ी खड़ी की और कार से उतरकर लघु शंका करने लगे तभी हाथ में चाकू लिए तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। हथियारबंद युवकों ने मारपीट करते हुए उनसे एक सोने की चेन, दो सोने की अंगूठी और दो लाख 72 हजार रुपए नगद लूट लिए। लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे रफू चक्कर हो गए। पुलिस ने तीन अज्ञात लुटेरों के खिलाफ धारा 309 (6) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

कुठला पुलिस ने दर्ज नहीं की लूट की एफआईआर ?

इधर कुठला पुलिस हाईवे में लूटपाट हो जाने की एफआईआर दर्ज नहीं की है बुधवार 18 जून को हाईवे में लूटपाट का शिकार हुआ एक मैकेनिक पूरे दिन थाने में बैठा रहा। दिन भर वह कुठला पुलिस को यही समझाता रहा कि वह पीड़ित है और उसके साथ बीती रात लूटपाट की घटना घटित हुई है, लेकिन पुलिस ने जांच का हवाला देते हुए एफआईआर दर्ज नहीं की। बताया गया है कि 

कुठला थानांतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर चाका बाईपास में बारडोली ढाबा के पास ग्राम बिस्तर निवासी चंदन पटेल नमक मैकेनिक मंगलवार की रात लगभग 9:30 बजे एक वाहन मालिक के फोन आने पर गाड़ी सुधारने के लिए गया था। गाड़ी सुधारने के बाद उसे अज्ञात आधा दर्जन युवकों ने घेर लिया और चाकू अड़ा कर मारपीट करते हुए नगद लगभग 5000 रुपए एवं मोबाइल फोन छीन लिया। लुटेरों ने गले में चाकू अड़ा कर उसे फोन पर अकाउंट का पासवर्ड पूछा और बाद में अकाउंट से 48500 ऑनलाइन ट्रांसफर भी कर लिए। इसके बाद चंदन मिस्त्री की गाड़ी का टायर चाकू से फाड़ कर लुटेरे मोबाइल और रुपए लेकर वहां से चंपत हो गए।

डर के मारे चंदन मिस्त्री घटना के तुरंत बाद थाने नहीं पहुंचा। दूसरे दिन सुबह जब वह घटना की शिकायत करने पहुंचा तो उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। भूखे पेट वह थाने में शाम तक बैठा रहा। पुलिस बार-बार जांच जारी है यह कहकर उसे टालती रही। वैसे हाईवे पर इन दिनों लुटेरों का आतंक सर चढ़कर बोल रहा है। आए दिन हाईवे में हो रही लूटपाट की घटनाएं पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रही हैं। 

 कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्र ने कहा कि लूटपाट की शिकायत करने युवक थाने आया था, लेकिन युवक घटना के 14 घंटे बाद थाने आया, जबकि वह कटनी का ही रहने वाला है। इसी बात को लेकर संदेह हो रहा था, जिसके कारण उसकी एफआईआर तुरंत नहीं लिखी गई। मामले की जांच कराई गई है, एफआईआर दर्ज की जाएगी। प्रारंभिक तौर पर मामला संदेहास्पद लग रहा था। इसलिए पहले घटनाक्रम की जांच कराना आवश्यक था।

इनका कहना है 

नेशनल हाइवे पर दो लूट की वारदातें एक स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के छपरा एवं कुठला थाना क्षेत्र के चाका बाईपास में घटित हुई है दोनों ही मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली गई और टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

अभिनय विश्वकर्मा 

    एसपी

About Post Author


Share this news
Advertisements