कटनी, 21 जून 2025: कटनी रेलवे स्टेशन पर एक मानवता को शर्मसार करने वाली घटना में एक दिव्यांग युवक, विनय तिवारी, को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के एक जवान ने बेरहमी से पीटा। यह घटना 19- 20 जून की दरम्यानी देर रात करीब 1:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर हुई।
रिश्वत मांगने पर हमला
विनय तिवारी, जो सतना से कटनी तक ट्रेनों में गुटका बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, पर RPF जवान मोहम्मद मंसूरी ने ₹500 की अवैध वसूली की मांग की। जब विनय ने पैसे देने से इनकार किया, तो जवान ने उन्हें कॉलर से पकड़कर घसीटा और पार्सल विभाग के कर्मचारियों से उन्हें पिटवाया।
गंभीर रूप से घायल
विनय को इतनी बेरहमी से पीटा गया कि उनके सिर में गहरी चोटें आईं और शरीर खून से लथपथ हो गया। घंटों तक वे घायल अवस्था में प्लेटफॉर्म पर पड़े रहे, फिर GRP के कुछ पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
एफआईआर दर्ज, न्याय की मांग
इलाज के बाद विनय ने कटनी जीआरपी थाने पहुंचकर RPF जवान और रेलवे पार्सल कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
“मैं एक दिव्यांग और गरीब आदमी हूं… मुझसे ₹500 मांगे गए और न देने पर मुझ पर हमला किया गया। मेरी आवाज़ प्रधानमंत्री मोदी तक पहुंचे,” — विनय तिवारी
सिस्टम पर सवाल
यह मामला केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि सिस्टम की विफलता की कहानी है। जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं, तो आम नागरिक कहां जाए? अब उम्मीद प्रधानमंत्री, रेल मंत्री और मानवाधिकार आयोग से है कि वे इस पर संज्ञान लें और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करें।
फिलहाल जीआरपी ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

