इंदौर (मध्यप्रदेश), 25 जून 2025 (भाषा)
राजा रघुवंशी हत्याकांड के अहम सबूत छिपाने और मिटाने के एक आरोपी की निशानदेही पर मेघालय पुलिस ने इंदौर में बुधवार को एक नाले से प्लास्टिक की थैली में बंधा सामान बरामद किया।
थैली में बंधा सामान बरामद
चश्मदीदों ने बताया कि स्थानीय पुलिसकर्मियों के साथ मेघालय पुलिस का दल राजा रघुवंशी हत्याकांड के मामले में गिरफ्तार ‘रियल एस्टेट’ कारोबारी शिलोम जेम्स के साथ शहर के पलासिया क्षेत्र के एक नाले में उतरा।
उन्होंने बताया कि कुछ देर की खोजबीन के बाद इस आरोपी की निशानदेही पर नाले से प्लास्टिक की थैली में बंधा सामान बरामद किया गया। इस सामान की बरामदगी के बारे में मेघालय पुलिस का अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
हालांकि, इंदौर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्लास्टिक की थैली में एक तमंचा हो सकता है। उन्होंने बताया कि इस हथियार को अन्य सामान के साथ इंदौर के उस फ्लैट से गायब किए जाने का संदेह है, जिसमें राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम उनके हत्याकांड के बाद मेघालय से फरार होने के बाद कई दिन तक रुकी थी।
माना जा रहा है कि सबूत मिटाए जा रहे है
जेम्स की निशानदेही पर मेघालय पुलिस के दल ने 22 जून को इंदौर के खाली भूखंड से एक बैग के जले हुए टुकड़े बरामद किए थे। राजा रघुवंशी हत्याकांड के अहम सबूत छिपाने और मिटाने के आरोप में जेम्स के साथ ही फ्लैट के मालिक लोकेंद्र सिंह तोमर और सुरक्षा गार्ड बलबीर अहिरवार उर्फ बल्ला को भी गिरफ्तार किया गया है। जेम्स, इंदौर में रियल एस्टेट प्रबंधन की एक फर्म संचालित करता है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

