जय-जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजी बारडोली, जगन्नाथ मंदिर से धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा, रथ खीचकर श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी दर्शन-पूजन के लिए उमड़ी भीड़,
कटनी, 28 जून 2025 (दैमप्र)
कटनी में शुक्रवार को भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी जी का 143 वां रथयात्रा महोत्सव शहर में भारी उत्साह के साथ मनाया गया। रथयात्रा के हजारों लोग शामिल होकर इसकी भव्यता के साक्षी बने।
जय-जय जगन्नाथ…, जगन्नाथ के भात को जगत पसारे हाथ, जगदीश स्वामी की जय के गगनभेदी जयघोष के बीच रथ को धीरे-धीरे खीचते श्रद्धालु पुण्य लाभ लेते आगे बढ़ रहे थे।
भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा
बड़े ही हर्षोल्लास के साथ भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली। रथ पर बलभद्र और सुभद्रा के साथ विराजमान भगवान जगन्नाथ की झांकी का श्रृंगार बहुत ही सुंदर और भव्य किया गया था। भक्त श्रद्धापूर्वक और भक्तिभाव से खींचते हुए ले जा रहे थे। इस दौरान रथ यात्रा जहां से भी जा रही थी, लोग भगवान का पूजन कर आर्शीवाद प्राप्त कर रहे थे। अब सात दिनों तक भगवान जगन्नाथ सब्जी मंडी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में विराजेंगे। रथयात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। यात्रा का व्यापारी संगठनों, समाजसेवी संगठनोंं ने यात्रा का स्वागत किया और भगवान की आरती उतारी। दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में भगवान की महाआरती की गई और प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी सहित कमेटी पदाधिकारी मौजूद थे।

पूजन के बाद हुई शुरुआत
चांडक चौक स्थित भगवान जगदीश स्वामी मंदिर में सुबह 10 बजे सरावगी परिवार द्वारा पूजन उपरांत भगवान जगन्नाथ को पोशाक अर्पित की गई इसके उपरांत प्रसाद वितरण किया गया। शाम 4 बजे भव्य रथयात्रा पूजन के साथ 1100 दीपों से रथ में सवार भगवान जगन्नाथ की महाआरती के बाद यात्रा में हर ओर पुष्पों की वर्षा की गई। निर्धारित मार्ग से रथयात्रा धीरे-धीरे राधाकृष्ण मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। रथयात्रा भगवान जगन्नाथ स्वामीजी की रथयात्रा जगन्नाथ तिराहा से प्रारंभ होते हुए आजाद चौक, शेर चौक, लक्ष्मीनारायण मंदिर, झंडा बाजार, सुभाष चौक, कमानिया गेट होते हुए सब्जी मंडी स्थित श्रीराधा-कृष्ण मंदिर पहुंची। रथयात्रा के मद्देनजर सुरक्षा, सफाई व प्रकाश व्यवस्था की व्यवस्था की गई थी। यात्रा में पुलिस अधिकारियों सहित कोतवाली, माधवनगर, कुठला व एनकेजे थाने का बल मौजूद रहा।

केरल का मशहूर शक्ति बैंड रहा आकर्षण का केंद्र
अनेक प्रकार की झांकियां एवं केरल का मशहूर शक्ति बैंड, महिला अखाड़ा, श्याम शरण मंडली द्वारा सुंदर भजनों की प्रस्तुति अलौकिक अभूतपूर्व रही। छत्तीसगढ़ का आदिवासी लोक नृत्य एवं केरल के भक्ति बैंड आकर्षण का केंद्र रहें ।जगह-जगह रथ पर आसीन महाप्रभु जी की आरती की गई एवं प्रसाद वितरण किया गया। बैंड की धुन पर श्रद्धालु नृत्य करते चल रहे थे। रथयात्रा में अखाड़ों का प्रदर्शन, मनोरम झाकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कई जगहों पर लोगों ने पुष्पवर्षा के साथ आरती भी उतारी। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने रथ खींचने की होड़ लगी रही।

रथयात्रा में बागेश्वर धाम शिष्य मंडल द्वारा महाआरती
रथ यात्रा महोत्सव में बागेश्वर धाम शिष्य मंडल द्वारा आजाद चौक में महाआरती की गई इसी तरह वापसी रथ यात्रा पर 4 जुलाई को भी आजाद चौक में जगन्नाथ स्वामी जी की महा आरती उतारी जाएगी। शिष्य मंडल की ओर से बताया गया कि इसी दिन बागेश्वर धाम पीठाधीश धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज का जन्मोत्सव है। बागेश्वर धाम शिष्य मंडल ने रथ यात्रा महोत्सव वापसी के दिन आयोजित महाआरती में श्रद्धालुओं से पहुंचने की अपील की है।
कलेक्टर ने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना की
नगर के प्राचीन भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी जी के मंदिर से रथयात्रा के भव्य आयोजन के पुण्य अवसर पर कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने जगन्नाथ चौक पहुंचकर भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। कलेक्टर श्री यादव ने भगवान जगन्नाथ की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

कलेक्टर ने किया जगन्नाथ रसोई घर का निरीक्षण
इस दौरान कलेक्टर को मंदिर के पुजारी चंद्रिका प्रसाद दुबे ने भगवान श्री जगन्नाथ का प्रसाद दिया और पीतांबरी गमछा भेंट किया। भगवान श्री जगन्नाथ की आरती के पश्चात कलेक्टर श्री यादव ने समिति के पदाधिकारियों के साथ जगन्नाथ रसोई घर का भी निरीक्षण किया और यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रथयात्रा में पहुंचे कलेक्टर श्री यादव द्वारा यात्रा में शामिल होने आए कलाकारों से परिचय प्राप्त किया गया। इस दौरान केरल के प्रसिद्ध शक्ति बैंड के अर्जुन राज ने कलेक्टर श्री यादव को बताया कि वे अपने 20 सदस्यीय टीम के साथ कटनी में भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की रथ यात्रा के दौरान चंदा मेलम, आदिवासी नृत्य और लोटा नृत्य की प्रस्तुति देंगे।
अन्य महत्वपूर्ण पदाधिकारी भी रहे मौजूद
इस दौरान एसडीएम कटनी प्रदीप कुमार मिश्रा, तहसीलदार कटनी नगर बालकृष्ण मिश्रा सहित श्री जगन्नाथ मंदिर कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद सरावगी सहित अन्य पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
रथयात्रा के दौरान महापौर प्रीति संजीव सूरी भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टण्डन विधायक संदीप जायसवाल नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, कलेक्टर दिलीप कुमार यादव, बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष राम रतन पायल,रवि खरे ,प्रमोद सरावगी, विजय ठाकुर, शिव सोनी, आशीष गुप्ता, कॉंग्रेस नेता वरिष्ठ पार्षद मिथलेश जैन, जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अमित शुक्ला
रमेश सोनी ब्राह्मण समाज अध्यक्ष राजू शर्मा मृदुल द्विवेदी सुनील उपाध्याय शशांक श्रीवास्तव रजनी वर्मा निशा मिश्रा अन्नू श्रीवास्तव मंजूषा गौतम गीता पाठक नीतू गुप्ता महेश शुक्ला रौनक खण्डेलवाल ललित सोनी पार्षद अवकाश जायसवाल जिला पत्रकार संघ अध्यक्ष विवेक शुक्ला रोहित सेन, सुजीत तिवारी सहित शहर के गणमान्य जन उपस्थित रहें
कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

