जय, जय जगन्नाथ के गगन भेद जयकारों से धर्ममय हुआ माहौल
कटनी 27 जून 2025 (दैमप्र)
कटनी में श्री जगदीश स्वामी मंदिर ट्रस्ट कमेटी की ओर से 143 वां रथयात्रा महोत्सव का गुरूवार को नगर में भक्तों ने विशाल वाहन रैली निकाली। भगवान जगन्नाथ स्वामी मंदिर जगन्नाथ चौक से शाम को जय, जय जगन्नाथ के जयकारों के बीच वाहन रैली प्रारंभ हुई, जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए वापस मंदिर परिसर में समाप्त हुई।
वाहन रैली में शामिल रही मातृशक्ति
वाहन रैली के माध्यम से कमेटी के लाेगों ने रथयात्रा में लोगों को शामिल होने का आमंत्रण दिया। वाहन रैली में विशेष रूप से मातृशक्ति शामिल रही और उनके साथ कमेटी के सदस्य वाहन पर सवार होकर निकले।

27 जून : भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा
शुक्रवार को नगर में भगवान की रथयात्रा निकाली जाएगी, जो शाम को पांच बजे भगवान की महाआरती के साथ शुरू होगी। महाआरती के बाद रथ पर सवार होकर भगवान जगन्नाथ स्वामी, माता सुभद्रा और बलराम नगर का भ्रमण करेंगे। यात्रा जगन्नाथ चौक से आजाद चौक, जुलूस मार्ग होते हुए बिलैया तलैया सब्जी मंडी पहुंचेंगी। जहां पर पूजन के बाद भगवान को श्रीराधा-कृष्ण मंदिर में विराजित किया जाएगा। श्रीराधा-कृष्ण मंदिर में भगवान चार जुलाई तक विराजित रहेंगे और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
4 जुलाई : भगवान जगन्नाथ वापसी
चार जुलाई को वापसी यात्रा नगर में निकाली जाएगी। जिसमें शाम को माता जानकी रथ पर सवार होकर जगन्नाथ मंदिर से रवाना होंगी और श्रीराधा-कृष्ण मंदिर पहुंचेंगी। जहां से पूजन के बाद भगवान की वापसी यात्रा प्रारंभ होगी, जो मुख्य मार्ग से होते हुए जगन्नाथ मंदिर में पहुंचेगी। विधि विधान से भगवान को मंदिर में विराजित किया जाएगा।
6 जुलाई : मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन
छह जुलाई को मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
7 जुलाई : रथयात्रा महोत्सव का समापन
सात जुलाई को भंडारा व महाप्रसाद का वितरण कर महोत्सव का समापन किया जाएगा।
बीमार प्रभु के स्वस्थ होने सुंदर भजनों की प्रस्तुति
श्री जगदीश स्वामी मंदिर ट्रस्ट कमेटी द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा महोत्सव की तैयारियों के बीच बुधवार को भगवान जगन्नाथ जी के बीमारी से जल्द स्वस्थ होने हेतु महिला मंडल ने सुंदर भजनों की प्रस्तुति के साथ भगवान से प्रार्थना कि भगवान जगन्नाथ जी जल्द स्वस्थ होकर गर्भ ग्रह से बाहर आए और अपने सभी भक्तजनों को दर्शन दे।
कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

