त्रिशूर (केरल), 29 जून 2025(भाषा)
केरल के त्रिशूर जिले में एक युवक रविवार तड़के नशे की हालत में थाने पहुंचा और दावा किया कि उसके बैग में दो नवजात शिशुओं के कंकाल हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘रविवार तड़के करीब 12:30 बजे युवक थाने पहुंचा और कहा कि उसके बैग में दो नवजात बच्चों के अवशेष हैं।’’
दो नवजात शिशु की मौत
पुलिस के अनुसार, युवक ने पुडुक्कड़ थाने में अधिकारियों को बताया कि ये नवजात शिशु एक महिला के साथ उसके संबंधों से पैदा हुए थे। पुलिस ने बताया कि युवक की उम्र 26 वर्ष है, जबकि संबंधित महिला 21 वर्ष की है। दोनों अविवाहित हैं।
पुलिस के मुताबिक युवक ने दावा किया कि दोनों बच्चों की मौत अलग-अलग समय और स्थान पर हुई थी और उन्हें दफनाया गया था। पुलिस ने बताया कि युवक की उम्र 26 वर्ष है, जबकि संबंधित महिला 21 वर्ष की है। दोनों अविवाहित हैं।
अधिकारी ने बताया, ‘‘युवक ने कहा कि एक बच्चे की मौत चार साल पहले और दूसरे की दो साल पहले हुई थी। हम उसके दावों की पुष्टि कर रहे हैं और फिलहाल इस मामले को संभावित हत्या मामले के रूप में देख रहे हैं।’’
दफन स्थलों का निरीक्षण
पुलिस अधिकारी के अनुसार, युवक द्वारा बताए गए दो दफन स्थलों एक सार्वजनिक श्मशान और दूसरा निजी भूमि का निरीक्षण किया जाएगा। जांच में फॉरेंसिक विशेषज्ञों और चिकित्सा दल की सहायता ली जाएगी।
अधिकारी ने बताया कि चलाकुडी के उपाधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम नवजात शिशुओं की पहचान और उनकी मृत्यु के कारणों की जांच कर रही है।

