रियो डी जेनेरियो, 7 जुलाई 2025 (भाषा)
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में रविवार को कहा कि आतंकवाद के पीड़ितों और समर्थकों को एक ही तराजू पर नहीं तौला जा सकता तथा आतंकवादियों के खिलाफ प्रतिबंध लगाने में कोई हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए।
मोदी ने शांति एवं सुरक्षा पर आयोजित सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि पहलगाम में हुआ ‘‘कायरतापूर्ण’’ आतंकवादी हमला भारत की ‘‘आत्मा, पहचान और गरिमा’’ पर सीधा हमला है। इसी के साथ उन्होंने आतंकवाद की चुनौती से निपटने के लिए एक साथ प्रयास करने का आह्वान किया।
आतंकवाद की निंदा हमारा सिद्धांत, न कि सहूलियत : प्रधानमंत्री मोदी
ब्राजील के समुद्र तटीय शहर में हो रहे दो-दिवसीय वार्षिक शिखर सम्मेलन के पहले दिन ब्रिक्स के शीर्ष नेताओं ने विश्व के समक्ष उपस्थित विभिन्न चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने पहलगाम हमले पर कहा, ‘‘यह हमला न केवल भारत पर, बल्कि पूरी मानवता पर आघात था।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आतंकवाद की निंदा करना हमारा ‘सिद्धांत’ होना चाहिए, न कि केवल सहूलियत।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम पहले यह देखें कि हमला किस देश में हुआ, किसके खिलाफ हुआ तो यह मानवता के साथ विश्वासघात करना होगा।
उन्होंने कहा, “भारत भगवान बुद्ध और महात्मा गांधी की भूमि है। हमारे लिए युद्ध और हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हमारी साझा चुनौतियों का सामना करने के लिए हमें एकजुट होना होगा और सामूहिक प्रयास करने होंगे। हमें मिलकर आगे बढ़ना होगा।’’

चीन के राष्ट्रपति और रूसी राष्ट्रपति ने सम्मेलन में नहीं लिया भाग
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शिखर सम्मेलन में भाग नहीं लिया। सम्मेलन का आयोजन समूह के वर्तमान अध्यक्ष ब्राजील ने किया है।
ब्रिक्स एक प्रभावशाली समूह के रूप में उभरा है। इसमें दुनिया की 11 प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं वाले देश शामिल हैं।
‘‘मानवता का विकास केवल शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में ही संभव है। इस उद्देश्य को पूरा करने में ब्रिक्स की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, “भारत हर उस प्रयास का समर्थन करता है जो दुनिया को विभाजन और संघर्ष से दूर और संवाद, सहयोग और समन्वय की ओर ले जाए तथा एकजुटता और विश्वास बढ़ाए।”
उन्होंने कहा, “इस दिशा में हम सभी मित्र देशों के साथ सहयोग और साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

