सतना (मध्यप्रदेश), 14 जुलाई 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश के सतना जिले में एक बड़ा हादसा हो गया। फसल की रोपाई के दौरान एक गांव में खेत में बने बोरवेल में गिरी दोनों नाबालिग लड़कियों की मौत हो गई है। पुलिस ने दोनों के शव बरामद कर लिए हैं।
घटना कब और कैसे? सतना बोरवेल हादसा
यह घटना नागौद तहसील के हिलौंधा गांव में फसल की रोपाई के दौरान हुई। सलैया हार निवासी छग्गू अहिरवार के परिवार के लोग हिलौंधा गांव के बीच स्थित एक खेत में धान की रोपाई के लिए गए थे। इसी दौरान छग्गू की बेटी सोमवती (16) और संतोष अहिरवार की बेटी दुर्गा (12) भी खेत में पहुंचीं। खेत में पानी भरा होने के कारण उन्हें बोरवेल का पता नहीं चल सका और वे उसमें गिर गईं।
पुलिस ने चलाया बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलते ही नागौद एसडीएम जीतेंद्र वर्मा पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे। रात करीब साढ़े नौ बजे सोमवती का शव बोरवेल से निकाल लिया गया। देर रात चलाए गए अभियान के बाद तकरीबन 12 बजे दुर्गा का शव भी बरामद कर लिया गया।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागौद सरकारी अस्पताल में भेजा गया है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

