कांग्रेस ने 27 फीसदी आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर विधानसभा परिसर में किया प्रदर्शन

कांग्रेस ने 27 फीसदी आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर विधानसभा परिसर में किया प्रदर्शन
Share this news

भोपाल, 28 जुलाई 2025 (भाषा)

मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 27 फीसदी आरक्षण लागू करने और जाति अधारित जनगणना में पारदर्शिता के मुद्दे पर प्रदर्शन किया।


गिरगिट की तरह रंग बदल रही सरकार

सिंघार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्रदेश की भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) सरकार ओबीसी आरक्षण को लेकर गिरगिट की तरह रंग बदल रही है। सरकार की न तो नीति साफ है और न ही नीयतजनता सब देख रही है।’’

विधानसभा परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने प्रदर्शन किया और राज्य सरकार पर ओबीसी वर्ग के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए ‘पल-पल रंग बदलती है, सरकार नहीं यह गिरगिट है’ के नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के विधायक हाथों में सांकेतिक तौर पर ‘गिरगिट’ की प्रतिकृति लिए हुए थे।

‘‘जब उच्चतम न्यायालय जवाब मांगता है, तब सरकार चुप्पी साध लेती है। लेकिन चुनाव आते ही ओबीसी वर्ग को भ्रमित कर उनके वोट बटोरने की राजनीति शुरू हो जाती है। उन्होंने कहा कि जब तक ओबीसी समाज को उनका हक नहीं मिलेगा, कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हम हर मंच पर ओबीसी आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दे को मजबूती से उठाते रहेंगे। यह लड़ाई सिर्फ आरक्षण की नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक अधिकारों की है।’’

बारह दिनों का मानसून सत्र

मानसून सत्र की शुरुआत आज से हो रही है। बारह दिन तक प्रस्तावित इस सत्र के दौरान 10 बैठकें होनी है।


ओबीसी वर्ग को 27% आरक्षण दिए जाने की मांग

कांग्रेस ओबीसी वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की लंबे समय से मांग कर रही है। प्रमुख विपक्षी दल के नेताओं का कहना है कि 1994 में कांग्रेस सरकार ने ओबीसी को 14 प्रतिशत आरक्षण दिया था और बाद में 2003 में इसे बढ़ाकर 27 प्रतिशत करने का प्रस्ताव रखा था।

कांग्रेस का आरोप है कि तब से राज्य में भाजपा सत्ता में है और उसने इस फैसले को लागू करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements