गुवाहाटी, 11 अप्रैल 2026 (भाषा)
भारतीय क्रिकेट के ‘धुरंधर’ सूर्यवंशी के 26 गेंद में 78 रन की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के मैच में शुक्रवार को गत चैम्पियन आरसीबी को छह विकेट से हराकर अपना अश्वमेधी अभियान जारी रखा।
उनकी उम्र के बाकी बच्चे जहां दसवीं बोर्ड के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं, वहीं बिहार के समस्तीपुर के 15 वर्ष के इस लड़के ने आरसीबी जैसी दिग्गज टीम के खिलाफ 202 रन के लक्ष्य के जवाब में रॉयल्स को दो ओवर बाकी रहते एकतरफा जीत दिलाई।
ध्रुव जुरेल ने निभाई फिनिशर की भूमिका
ध्रुव जुरेल ने 43 गेंद में नाबाद 81 रन बनाकर ‘फिनिशर’ की भूमिका बखूबी निभाई। रॉयल्स को एक बार फिर धमाकेदार शुरूआत दी सूर्यवंशी ने जो इस सत्र में नामी गिरामी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ने में तनिक भी नहीं हिचकिचा रहे हैं। पिछले मैच में जहां उन्हें जसप्रीत बुमराह का मानमर्दन किया तो इस बार जोश हेजलवुड की बारी थी।
टेस्ट क्रिकेट के दिग्गज हेजलवुड की गेंदों पर सूर्यवंशी ने लगातार तीन चौके जड़े। वहीं तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह की गेंद पर लांग आन सीमा के ऊपर 80 मीटर का छक्का लगाया। उन्होंने 78 रन की अपनी पारी में 74 रन 15 गेंद में आठ चौकों और सात छक्कों के साथ बनाये।
बारिश के कारण खेल देर से हुआ शुरू
मैच से पहले बारिश के कारण खेल देर से शुरू हुआ और पिच में नमी के कारण अतिरिक्त उछाल मिला। रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने फिल साल्ट तथा देवदत्त पडिक्कल को सस्ते में आउट कर दिया।
साल्ट तो पहली गेंद पर आउट, कोहली ने लगाये सात चौके
साल्ट तो पहली ही गेंद पर आउट हो गए। कोहली ने अपनी पारी में सात चौके लगाये लेकिन वह रवि बिश्नोई की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद से आरसीबी के बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके। बिश्नोई ने कृणाल पंड्या का भी विकेट लिया। वहीं बंगाल प्रीमियर लीग टी20 से चुने गए बृजेश शर्मा ने जितेश शर्मा को पवेलियन भेजा। उन्होंने टिम डेविड का भी विकेट चटकाया।
स्पोर्ट्स की और खबरें पढ़ने की लिए यहाँ क्लिक करें

