ईवी शोरूम में आग, ऊपरी मंजिलों पर फंसे 20 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

ईवी शोरूम में आग, ऊपरी मंजिलों पर फंसे 20 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
Share this news

इंदौर (मध्यप्रदेश), 05 जून 2026 (भाषा)

इंदौर में शुक्रवार को तीन मंजिला भवन के भू-तल पर ईवी के शोरूम में आग लग गई और इस घटना में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। भवन की ऊपरी मंजिलों पर फंसे करीब 20 लोगों को पड़ोसियों, पुलिस और अग्निशमन विभाग की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

लोगों ने तुरंत की मदद

अधिकारियों ने बताया कि लसूड़िया थाना क्षेत्र में ईवी शोरूम और उससे जुड़े मरम्मत केंद्र में उस वक्त आग लगी, जब यह प्रतिष्ठान बंद था। चश्मदीदों ने बताया कि शोरूम के बगल में बनीं सीढ़ियां भी आग और धुएं की जद में आ गईं जिससे ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग नीचे नहीं उतर पा रहे थे।

सीढ़ियों को जोड़कर बनाया रास्ता

चीख-पुकार सुनकर पड़ोस की एक बहुमंजिला इमारत के निवासी सहायता के लिए आगे आए। उन्होंने आग में फंसे लोगों को छत पर पहुंचने के लिए कहा, फिर दोनों इमारतों के बीच सीढ़ियां जोड़कर अस्थायी रास्ता तैयार किया गया। चश्मदीदों ने बताया कि कुछ लोग सीढ़ियों के सहारे पड़ोस के भवन की छत तक पहुंचे, जबकि कुछ व्यक्तियों को रस्सियों की मदद से सुरक्षित नीचे उतारा गया।

आग पर पा लिया गया काबू

अग्निशमन विभाग के उप निरीक्षक बलजीत हुड्डा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और घटना में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। हुड्डा ने इसका खुलासा नहीं किया कि ईवी शोरूम-सह-मरम्मत केंद्र किस कंपनी का था। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारण और नुकसान के सटीक आकलन के लिए जांच की जा रही है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements