नयी दिल्ली, 29 जुलाई 2025 (भाषा)
पीएम मोदी ने मंगलवार को भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम कराने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों और इसे लेकर विपक्षी दलों के सवालों की पृष्ठभूमि में कहा, ‘‘दुनिया के किसी भी नेता ने हमें ऑपरेशन (सिंदूर) रोकने के लिए नहीं कहा।’’
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि इस अभियान के दौरान पूरी दुनिया का समर्थन मिला, लेकिन जवानों के पराक्रम को मुख्य विपक्षी दल का समर्थन नहीं मिला।
पीएम मोदी ने संसद में कहीं कुछ बड़ी बातें
1. पीएम मोदी ने लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष चर्चा के दौरान कहा, ‘‘पहलगाम हमला भारत को हिंसा की आग में झोंकने का एक सुविचारित प्रयास था, भारत में दंगे फैलाने की साजिश थी। मैं आज देशवासियों का धन्यवाद करता हूं कि देश ने एकता के साथ उस साजिश को नाकाम कर दिया।’’
2. मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की सेना ने 22 मिनट में 22 अप्रैल के आतंकवादी हमले का बदला निर्धारित लक्ष्य के साथ और तय कार्रवाई के अनुसार लिया। भारत ने ऐसी रणनीति बनाई जिसमें उन जगहों पर पहुंचे, जहां पहले कभी नहीं पहुंचे थे।
3. मोदी ने अपने लगभग सौ मिनट के भाषण में कहा, ‘‘सेना ने पिछले 10 साल से तैयारियां कर रखी थीं, (यदि) न की होतीं तो इस तकनीक के युग में हमारा कितना नुकसान हो सकता था, इसका अनुमान (सहज) लगा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान दुनिया ने पहली बार आत्मनिर्भर भारत की ताकत को पहचाना और ‘मेड इन इडिया’ ड्रोन और मिसाइल ने पाकिस्तानी हथियारों की पोल खोल दी।
4. प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवाद की घटनाएं पहले भी देश में होती थीं, लेकिन तब उनके मास्टरमाइंड निश्चिंत रहते थे और आगे की तैयारी में लग जाते थे, लेकिन अब स्थिति बदल गई है और अब हमले के बाद उन्हें नींद नहीं आती। मोदी ने कहा कि उन्हें पता है कि भारत आएगा और मारकर जाएगा, यह ‘न्यू नॉर्मल’ भारत ने स्थापित कर दिया है।
5. सदन में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस अभियान से तीन चीजें तय हो गईं कि अगर भारत पर आतंकी हमला हुआ तो हम अपने तरीके से अपनी शर्तों पर, अपने समय पर जवाब देकर रहेंगे, कोई भी परमाणु ‘ब्लैकमेलिंग’ अब नहीं चलेगी और हम आतंकियों की सरपरस्त सरकार और आतंक के आकाओं को अलग-अलग नहीं देखेंगे।
6. प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया में किसी भी देश ने भारत को अपनी सुरक्षा के लिए कार्रवाई करने से रोका नहीं है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के 193 देशों में से सिर्फ तीन देशों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के समर्थन में बयान दिया था। मोदी ने आरोप लगाया, ‘‘विपक्ष के लोग पहलगाम में निर्दोष लोगों की हत्या में भी अपनी राजनीति तलाश रहे थे, अपनी स्वार्थी राजनीति के लिए मुझ पर निशाना साध रहे थे, लेकिन उनकी ये बयानबाजी देश के सुरक्षाबलों का मनोबल गिरा रही थी।’’
7. पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक के बाद भी कांग्रेस के नेताओं ने सेना से सबूत मांगे थे। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा करके वे खबरों में तो जगह बना सकते हैं, लेकिन देशवासियों के दिलों में जगह नहीं बना सकते। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग सेना के तथ्यों की जगह पाकिस्तान के गलत प्रचार को आगे बढ़ाने में जुटे हैं, जबकि भारत का रुख हमेशा स्पष्ट रहा है। मोदी ने कहा कि 6-7 मई की रात को ऑपरेशन सिंदूर के तहत सैन्य कार्रवाई को अंजाम देने के बाद सात मई की सुबह ही सेना ने संवाददाता सम्मेलन में साफ कर दिया था कि हमारा लक्ष्य आतंकवादियों, उनके आकाओं और उनके अड्डों को ध्वस्त करना था और हमने अपना काम पूरा कर लिया।
8. मोदी ने कहा कि नौ मई को पाकिस्तान ने करीब एक हजार मिसाइल और ड्रोन से बड़ा हमला करने की कोशिश की थी, लेकिन भारत की वायु रक्षा प्रणाली ने उन्हें तिनकों की तरह बिखेर दिया। उन्होंने कहा, ये मिसाइलें भारत के किसी भी हिस्से पर गिरतीं तो भयंकर तबाही मचातीं। भारत ने आसमान में ही उन्हें चूर-चूर कर दिया। हर देशवासी को इस पर गर्व हो रहा है।’’
9. मोदी ने कहा, ‘‘पाकिस्तान ने आदमपुर एयरबेस पर हमले का झूठ फैलाया, लेकिन मैं अगले ही दिन आदमपुर पहुंच गया और उनके झूठ को बेनकाब कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इतने साल का सत्ता का अनुभव होने के बाद भी विदेश मंत्री, रक्षा मंत्री, गृह मंत्री, किसी के भी बयान पर भरोसा नहीं है। जिसने इतने साल तक देश पर राज किया हो, उसे देश की व्यवस्थाओं पर भरोसा नहीं। अब कांगेस का भरोसा पाकिस्तान के रिमोट कंट्रोल से बनता और बिगड़ता है।’’
10. पीएम ने अन्य विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहलगाम के हमलावरों को कल सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन महादेव में मार गिराया, लेकिन यहां ठहाके लगाकर पूछा गया कि यह कल ही क्यों हुआ। पीएम ने कहा, ‘‘क्या ऑपरेशन के लिए सावन का सोमवार खोजा गया था? क्या हो गया है इन लोगों को। हताशा और निराशा इस हद तक। पिछले कई सप्ताह से पूछ रहे थे कि पहलगाम के आतंकियों का क्या हुआ। अब हुआ तो पूछ रहे हैं कि कल क्यों हुआ।
पाकिस्तान ने लगाई थी हमला रोकने की गुहार
मोदी ने कहा कि इतना कड़ा प्रहार हुआ, तब जाकर पाकिस्तान ने फोन करके डीजीएमओ के सामने हमले रोकने की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि उस दिन रात में ही हमने पकिस्तान की सैन्य शक्ति को तहस-नहस कर दिया, यही हमारा जवाब था, यही हमारा जज्बा था।

पीएम मोदी की सिर्फ जेडी वेंस से हुई थी बात
नौ मई की रात को अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने मुझसे बात करने का प्रयास किया था। वह घंटे भर कोशिश करते रहे। मैं सेना के साथ बैठक में व्यस्त था और फोन उठा नहीं पाया। बाद में मैंने उन्हें कॉलबैक किया।‘‘अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने फोन पर बताया कि पाकिस्तान बहुत बड़ा हमला करने वाला है। मेरा जवाब था कि अगर पाकिस्तान का यह इरादा है तो उसे बहुत महंगा पड़ेगा। अगर पाकिस्तान हमला करेगा तो हम बड़ा हमला करके जवाब देंगे। आगे मैंने कहा कि हम गोली का जवाब गोले से देंगे।’’
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

