भोपाल, 31 जुलाई 2025 (भाषा)
मप्र में भारी बारिश के बाद सेना और अन्य अधिकारियों ने राज्य के विभिन्न जिलों से 27 स्कूली बच्चों सहित करीब 2,900 लोगों को बचाया। राज्य में जारी भारी बारिश के बीच कई जिलों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई जबकि शिवपुरी जिले में हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि राहत और बचाव के लिए सेना बुलानी पड़ी है।
मप्र में 24 घंटों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों में मप्र के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।आईएमडी ने भोपाल, विदिशा, नर्मदापुरम, रायसेन, सीहोर, अशोकनगर, गुना और शिवपुरी समेत कई जिलों में अगले 24 घंटे में आठ से नौ इंच तक बारिश होने का अनुमान जताया।
गुना जिले में ढह गया पुल
गुना जिले में भी बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है, जहां एक पुल ढह गया। गुना के कई गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है।
पुलिस, प्रशासन, होमगार्ड, आपदा प्रबंधन दल मिलजुल काम करें : सीएम यादव
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने होमगार्ड मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और बारिश से बुरी तरह प्रभावित जिलों के कलेक्टर व अन्य अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षा प्रभावित क्षेत्रों में जिला एवं पुलिस प्रशासन, होमगार्ड, आपदा प्रबंधन दल सब मिलजुल कर पूरी सजगता और सतर्कता से कार्य करें।
एक आधिकारिक बयान में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भारी वर्षा के कारण प्रदेश के कुछ जिलों में गांव और घरों में पानी भर जाने जैसी परिस्थितियों के कारण अब तक 2900 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।’’
बाढ़ प्रभावितों को सुरक्षित निकालने वाले लोगों को सम्मानित करेगी सरकार
सरकार ऐसे साहसी, परोपकारी और मददगार लोगों को आगामी 15 अगस्त और अन्य अवसरों पर भी सम्मानित करेगी और इन्हें पुरस्कार भी दिए जाएंगे। यादव ने कहा कि सभी जिलों को हरसंभव मदद पहुंचाई जाएगी और बचाव व राहत कार्य में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस बीच, शिवपुरी जिले में अचानक बाढ़ में फंसे स्कूल से लौट रहे 27 स्कूली छात्र-छात्राओं को सेना ने सुरक्षित निकाल लिया।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

