सुना है भारत अब रूस से तेल नहीं लेगा जो अच्छा कदम है : डोनाल्ड ट्रंप

सुना है भारत अब रूस से तेल नहीं लेगा जो अच्छा कदम है : डोनाल्ड ट्रंप
Share this news

न्यूयॉर्क/वाशिंगटन, 02अगस्त 2025 (भाषा)

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि उन्होंने सुना है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा जो एक ‘‘अच्छा कदम’’ है। डोनाल्ड ट्रंप ने साथ ही कहा कि उन्हें इस बारे में हालांकि कोई ठोस जानकारी नहीं है। डोनाल्ड ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे पता चला है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। मैंने यही सुना है। मुझे नहीं पता कि यह बात सही है या गलत, लेकिन यह एक अच्छा कदम है। देखते हैं क्या होता है।’’

डोनाल्ड ट्रंप की यह टिप्पणी व्हाइट हाउस की ओर से लगभग 70 देशों के निर्यात पर अमेरिका द्वारा लगाए जाने वाले शुल्क की घोषणा के एक दिन बाद आई है। शासकीय आदेश के अनुसार भारत पर 25 प्रतिशत शुल्क लगेगा। हालांकि रूस से सैन्य उपकरण और ऊर्जा खरीद को लेकर घोषित अतिरिक्त ‘जुर्माने’ का इस आदेश में जिक्र नहीं है।

वहीं, नयी दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना या उच्च शुल्क पर सीधी टिप्पणी करने से परहेज करते हुए शुक्रवार को कहा, “भारत और अमेरिका की साझेदारी समय-समय पर कई बदलावों एवं चुनौतियों से गुजरी है। हम अपनी द्विपक्षीय प्रतिबद्धताओं पर केंद्रित हैं और हमें विश्वास है कि संबंध आगे भी मजबूत होंगे।”

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “भारत और अमेरिका के बीच साझा हितों, लोकतांत्रिक मूल्यों और लोगों से लोगों के बीच मजबूत संबंधों पर आधारित व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है।’’

विदेश से जुडी और ख़बरें पढने के लिए यहां क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements