कटनी : रेत के अवैध भंडारण और परिवहन को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, प्रशासन को दी चेतावनी

कटनी : रेत के अवैध भंडारण और परिवहन को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, प्रशासन को दी चेतावनी
Share this news

सर पर काली पट्टी बांधकर जताया विरोध, पैदल मार्च कर कलेक्टर के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

कटनी, 02 अगस्त 2025 (दैमप्र)

जिले की बड़वारा तहसील में रेत के अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ ग्रामीणों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण बड़वारा के परमानंद तिराहे से काली पट्टी बांधकर और शिकायतों का पुलिंदा लेकर तहसील कार्यालय तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। उन्होंने मौजूदा सरकार, खनिज विभाग और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तहसीलदार ऋषि गौतम को कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की गई है।


ग्रामीणों ने पूंजीपतियों पर लगाया आरोप

ज्ञापन देने आए ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पूंजीपतियों द्वारा नियमों के विरुद्ध लगातार रेत का उत्खनन, परिवहन और भंडारण किया जा रहा है। राघवेंद्र सिंह ने बताया कि इस संबंध में कई बार शिकायतें की गई हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रशासन की कार्यप्रणाली से निराश होकर उन्हें विरोध के लिए मजबूर होना पड़ा है। ग्रामीणों ने बड़वारा तहसील के विलायत कला ग्राम पंचायत के गुड़ा मोड़ के पास किए गए रेत के भंडारण पर आपत्ति जताई। अवध लाल यादव ने बताया कि यहां अनुमति से कई गुना ज्यादा रेत का भंडारण किया गया है, जिससे पर्यावरण पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में भी कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।


1 सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं तो रेत भंडारण स्थल पर ही धरना प्रदर्शन

ग्रामीण राहुल चौधरी ने कहा कि कंपनी द्वारा किए जा रहे अवैध रेत खनन, परिवहन और भंडारण की जांच के लिए आज यह ज्ञापन सौंपा गया है। अगर एक सप्ताह के भीतर इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो सैकड़ों ग्रामीण रेत भंडारण स्थल पर ही धरना प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस मामले पर बड़वारा तहसीलदार ऋषि गौतम ने बताया कि ग्रामीणों से रेत भंडारण की जांच के संबंध में ज्ञापन प्राप्त हुआ है, इस पर कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को मांग पत्र भेजा जाएगा।

इस दौरान अवध लाल यादव,रामानंद परौहा,विजय कुमार चौधरी, राहुल चौधरी, रामा प्रसाद, सुनील साहू,मितेश,दुर्गेश,बबलू चौधरी,ताहिर अंसारी,कैलाश,अनिल,मंगल सिंह,मुबारक शेख,सुखसेन सिंह सहित बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही।

कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements