नयी दिल्ली, 04 अगस्त 2025(भाषा)
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए यहां स्थित सर गंगा राम अस्पताल पहुंचें।
प्रधानमन्त्री मोदी ने जताया दुःख
प्रधानमंत्री ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि शिबू सोरेन ने विशेष रूप से आदिवासी समुदायों, गरीबों और दलितों को सशक्त बनाने के लिए काम किया।
मोदी ने कहा, ‘‘उनके निधन से बहुत दुःख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी से बात की और संवेदना व्यक्त की। ओम शांति।’’

राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुःख
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि सोरेन ने आदिवासी पहचान और झारखंड राज्य के गठन के लिए संघर्ष किया। राष्ट्रपति ने कहा कि जमीनी स्तर पर काम करने के अलावा सोरेन ने झारखंड के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सांसद के रूप में भी योगदान दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘लोगों, विशेषकर आदिवासी समुदायों के कल्याण के लिए उनके काम को हमेशा याद रखा जाएगा। मैं उनके पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी, परिवार के अन्य सदस्यों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।’’

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने रांची में कहा कि शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर शाम करीब चार बजे यहां लाया जाएगा और इसके बाद यह मोराबादी स्थित उनके आवास ले जाया जाएगा।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

