शिल्पा शेट्टी-राज कुंद्रा पर कारोबारी से 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, मामला दर्ज

शिल्पा शेट्टी-राज कुंद्रा पर कारोबारी से 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, मामला दर्ज
Share this news

मुंबई, 14 अगस्त 2025 (भाषा)

मुंबई पुलिस ने अभिनेता शिल्पा शेट्टी-राज कुंद्रा के खिलाफ उनकी अब बंद हो चुकी कंपनी ‘बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड’ के साथ एक सौदे में एक कारोबारी से 60.4 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।


दीपक कोठारी ने करोड़ों रुपये ट्रांसफर किए

‘लोटस कैपिटल फाइनेंस सर्विसेज’ (गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी) के निदेशक एवं जुहू स्थित कारोबारी दीपक कोठारी (60) ने कहा कि वह राजेश आर्या नामक व्यक्ति के जरिए शिल्पा शेट्टी-राज कुंद्रा के संपर्क में आए थे। उस समय शिल्पा शेट्टी-राज कुंद्रा एक ऑनलाइन रिटेल मंच बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक थे। आर्या के माध्यम से उन्होंने 75 करोड़ रुपये का ऋण मांगा था, लेकिन उच्च कराधान से बचने के लिए उन्होंने इसे निवेश के रूप में दिखाया। उन्होंने मासिक रिटर्न (कर्ज का) और मूलधन की वापसी का भी वादा किया।

शिकायतकर्ता ने दावा किया कि उन्होंने अप्रैल 2015 में एक समझौते के तहत 31.9 करोड़ रुपये भेजे थे। इसके बाद सितंबर 2015 में एक पूरक समझौते के तहत 28.53 करोड़ रुपये और दिए थे। उन्होंने 2015 से 2023 के दौरान 60.4 करोड़ रुपये का ऋण दिया था।

कारोबारी ने अपनी शिकायत में कहा कि अप्रैल 2016 में गारंटी देने के बाद शिल्पा ने सितंबर 2016 में कंपनी के निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया। कोठारी को बाद में पता चला कि कंपनी के खिलाफ 2017 में एक अन्य समझौते को लेकर दिवालियापन की कार्यवाही चल रही थी।


शिल्पा-राज के वकील का जवाब

शिल्पा शेट्टी-राज कुंद्रा के वकील द्वारा कहा गया है कि उनके मुवक्किल सभी आरोपों से इनकार करते हैं, जो पूरी तरह से सिविल प्रकृति के हैं और जिन पर चार अक्टूबर 2024 को राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी), मुंबई द्वारा निर्णय लिया जा चुका है। ‘‘यह एक पुराना लेन-देन है, जिसमें कंपनी वित्तीय संकट में आ गई थी और अंततः एनसीएलटी में एक लंबी कानूनी लड़ाई में उलझ गई थी।’’


गलत आरोप लगाने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई

‘‘यह हमारे मुवक्किलों की छवि खराब करने के उद्देश्य से एक बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण मामला है, और हमारी ओर से अपराधियों के खिलाफ उचित कार्रवाई शुरू की जा रही है।’’

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements