रांची, 16अगस्त 2025 (भाषा)
झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का शुक्रवार को दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 62 साल के थे। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुणाल सारंगी ने यह जानकारी दी।
इलाज के दौरान नेता रामदास सोरेन की मौत
सारंगी ने बताया कि झामुमो नेता सोरेन को दो अगस्त को अपने आवास पर स्नानघर में फिसलकर गिर जाने के बाद जमशेदपुर से हवाई मार्ग से दिल्ली के निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां विशेषज्ञों की एक टीम उनका इलाज कर रही थी। सारंगी ने बताया कि सोरेन को दो अगस्त को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “इलाज के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराए गए झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन हो गया है।” सारंगी के मुताबिक, सोरेन की हालत गंभीर थी और उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया शोक व्यक्त
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रामदास सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया। हेमंत सोरेन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “रामदास दा (भाई) को हमें इस तरह छोड़कर नहीं जाना चाहिए था। दादा को अंतिम प्रणाम…।”
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

