मथुरा (उप्र), 16 अगस्त 2025 (भाषा)
मथुरा में कड़ी सुरक्षा के बीच श्रीकृष्ण जन्मस्थान और सभी प्रमुख मंदिरों में जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जा रहा है और भारी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं। कटरा केशवदेव स्थित श्री कृष्ण जन्मस्थान परिसर में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां भागवत भवन में भगवान की दिव्य प्राकट्य लीला सम्पन्न होगी।
चांदी से सुसज्जित गर्भगृह में विराजमान होगें भगवान कृष्ण
श्री कृष्ण जन्मभूमि न्यास के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि भगवान कृष्ण को चांदी से सुसज्जित गर्भगृह में विराजमान किया जाएगा, जिसे ‘सिंदूर’ पुष्प महल की तरह सजाया गया है। उन्होंने बताया कि ठाकुरजी की चल विग्रह को ‘रजत-सूप’ में विराजमान कर अभिषेक स्थल तक ले जाया जाएगा। परंपरा के अनुसार, भगवान का प्राकट्य भी ‘रजत-कमल’ पुष्प में होगा और पहला स्नान सोने की परत चढ़ी चांदी की कामधेनु गाय की मूर्ति के जरिए किया जाएगा।
मंदिर परिसर प्रवेश समय
इस अवसर पर भक्तजन ठाकुरजी के जन्माभिषेक दर्शन के लिए मंदिर परिसर में सुबह साढ़े पांच बजे से रात्रि डेढ़ बजे तक प्रवेश पा सकेंगे। जन्माष्टमी के अवसर पर जन्मस्थान परिसर में श्री केशवदेव, श्रीयोगमाया, गर्भगृह, श्री राधाकृष्ण युगल सरकार मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
भगवन कृष्ण जन्माभिषेक कार्यक्रम
जन्माभिषेक का मुख्य कार्यक्रम शनिवार रात्रि 11 बजे श्री गणेश, नवग्रह आदि पूजन से प्रारम्भ होगा जो रात 11 बजकर 55 मिनट तक सहस्त्रार्चन (फूलों और तुलसी के पत्तों का 1,000 बार अर्पण) के साथ जारी रहेगा।
इसके उपरांत 11 बजकर 59 मिनट पर प्राकट्य दर्शन हेतु पट बंद कर दिए जाएंगे और मध्य रात्रि 12 बजे से 12 बजकर 10 मिनट तक प्राकट्य दर्शन के मध्य आरती सम्पन्न होगी। इसके बाद 12 बजकर 10 मिनट से 12 बजकर 25 मिनट तक पयोधर महाभिषेक व 12 बजकर 25 मिनट से 12 बजकर 40 मिनट तक रजत कमल पुष्प में विराजमान ठाकुर जी का जन्माभिषेक सम्पन्न होगा। 12 बजकर 45 मिनट से 12 बजकर 50 मिनट श्रृंगार आरती व अंत में एक बजकर 55 मिनट से दो बजे तक शयन आरती सम्पन्न होगी।
गर्भगृह में 221 किग्रा चांदी का उपयोग
श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने बताया कि मंदिर परिसर को सुंदर सजावट और रोशनी से सजाया जा रहा है। कंस के कारागार के रूप में प्रसिद्ध गर्भगृह को 221 किग्रा चांदी का उपयोग करते हुए विशिष्ट स्वरूप में निखारा गया है।

500 भक्तों को ही मंदिर प्रांगण में मौजूद रहने की अनुमति
वृन्दावन के ठा. बांकेबिहारी मंदिर के प्रबंधक मुनीष शर्मा एवं उमेश सारस्वत ने बताया कि उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार रविवार सुबह ठाकुरजी के जन्माभिषेक के पश्चात मंगला आरती के दौरान केवल 500 भक्तों को ही मंदिर प्रांगण में मौजूद रहने की अनुमति होगी ताकि किसी भी प्रकार के दबाव अथवा भगदड़ की स्थिति न बने।
हालांकि, प्रबंधन द्वारा मंगला आरती का सीधा प्रसारण किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक भक्त इसके दर्शन कर सकें।
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

